सिरसा, 03 अक्टूबर( एम पी भार्गव ) श्री सनातन धर्म सभा के कार्यकारी अध्यक्ष एवं सर्वहित कारिणी सभा के प्रधान नवीन केडिया ने गांधी जी, लाल बहादुर शास्त्री की जयंती और दशहरा पर्व की सभी को शुभकामनाएं व बधाई दी है।
यहां जारी संदेश में नवीन केडिया ने कहा कि दशहरा, महात्मा गांधी जी की जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती एक ही दिन आना सुखद संयोग है। केडिया ने कहा कि जहां महात्मा गांधी ने देश की आजादी के लिए सत्य और अहिंसा के पथ पर चलते हुए संघर्ष किया वहीं लाल बहादुर शास्त्री ने प्रधानमंत्री के तौर पर दुश्मन के दांत खट्टे कर देश के गौरव को बढ़ाया। ऐसे गुदड़ी के लाल शास्त्री जी को आज पूरा देश याद करता है।
उन्होंने कहा कि आज विजय दशमी का पर्व है। यह सत्य की असत्य पर जीत और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक पर्व है जिसे सभी भारतीय उत्सव के रूप में मनाते आए हैं। दशहरे के दिन भगवान राम ने रावण का वध करके मानवता का मार्ग प्रशस्त किया था।
नवीन केडिया ने इस अवसर पर सभी प्रदेश वासियों के उत्तम स्वास्थ्य, धन-धान्य में वृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि सब लोग खुशियों के साथ पर्व मनाएं। यह त्योहार हमारी सभ्यता, संस्कृति, परंपराओं और लोक रीति के वाहक हैं।
