नेशनल कॉलेज ग्राउंड में तलवार व डंडों से हमला करने के मामले में चार युवक गिरफ्तार

ऐलनाबाद, फरवरी (एम पी भार्गव): सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग कर एक युवक पर तलवार और लाठी-डंडों से हमला करने के मामले में सिरसा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण के निर्देशानुसार की गई।

इस संबंध में जानकारी देते हुए सिविल लाइन थाना सिरसा के थाना प्रभारी ने बताया कि गांव सुचान कोटली निवासी 22 वर्षीय देवेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 12वीं तक शिक्षित है और एक कंप्यूटर सेंटर से बेसिक कंप्यूटर कोर्स कर चुका है। 17 फरवरी को वह कंप्यूटर डिप्लोमा की जानकारी लेने के लिए सिरसा आया था।

देवेंद्र ने बताया कि बस स्टैंड पर उतरने के बाद हनुमान मंदिर के पास उसकी मुलाकात एक दोस्त से हुई, जिसने उसे क्रिकेट खेलने के लिए नेशनल कॉलेज के ग्राउंड में चलने के लिए कहा। दोनों कॉलेज ग्राउंड में पहुंचे, जहां पहले से मौजूद कुछ युवकों ने अचानक तलवार और लाठी-डंडों से उस पर हमला कर दिया। आरोपियों ने उसे चोटें पहुंचाईं और गाली-गलौच भी की।

पीड़ित की शिकायत पर थाना सिविल लाइन सिरसा में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर आरोपी गुरचरण सिंह पुत्र काका सिंह, विकास उर्फ विक्की पुत्र मंगा सिंह, कृष्ण पुत्र रामस्वरूप निवासी गांव दड़बी तथा राजबीर सिंह पुत्र अशोक कुमार निवासी गांव रिसालिया खेड़ा को किसान चौक, सिरसा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.