तमिलनाडु: पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, 4 की मौत, सीएम ने की मुआवजे की घोषणा

विरुधुनगर। पुलिस ने बताया कि शनिवार को यहां के निकट एक पटाखा निर्माण इकाई में विस्फोट होने से चार श्रमिकों की मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया।

एक वरिष्ठ जिला पुलिस अधिकारी ने बताया कि श्रमिकों की मौके पर ही मौत हो गई और विस्फोट तथा आग लगने का कारण पटाखों के निर्माण में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल, रासायनिक अवयवों का गलत तरीके से इस्तेमाल होना बताया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि घटनास्थल के आसपास मौजूद एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया और निर्माण प्रक्रियाओं में शामिल विशिष्ट कार्यों के लिए निर्धारित भवनों को नुकसान पहुंचा है।

मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की और चार मृत श्रमिकों के परिवारों को तीन-तीन लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की।

विरुधुनगर जिले के सत्तूर तालुक के पंथुवरपट्टी गांव में स्थित आतिशबाजी इकाई में 29 जून की सुबह विस्फोट हुआ।

मृतकों की पहचान बाद में अचनकुलम गांव के 45 वर्षीय राजकुमार, नाडुसुरनकुडी के मारिसामी (40) और वेम्बकोट्टई के सेल्वाकुमार (35) और मोहन (30) के रूप में हुई।

Leave A Reply

Your email address will not be published.