मोदीनगर–हापुड़ मार्ग के सुदृढ़ीकरण एवं चौड़ीकरण कार्य का शिलान्यास, क्षेत्रीय विकास को मिलेगी नई गति

मोदीनगर। आज मोदीनगर विधानसभा क्षेत्र के भोजपुर ब्लॉक में मोदीनगर–हापुड़ मार्ग के सुदृढ़ीकरण एवं चौड़ीकरण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया। यह परियोजना क्षेत्रीय विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं दूरदर्शी पहल मानी जा रही है, जिससे आवागमन व्यवस्था को नई मजबूती और गति मिलेगी।

मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण से प्रतिदिन हजारों राहगीरों, स्थानीय नागरिकों तथा व्यापारिक गतिविधियों को सीधा लाभ पहुंचेगा। जाम की समस्या से राहत मिलने के साथ-साथ आमजन का सफर अधिक सुरक्षित, सुगम और समयबद्ध हो सकेगा। साथ ही यह परियोजना क्षेत्र की आर्थिक प्रगति एवं कनेक्टिविटी को भी सशक्त बनाएगी।

इस अवसर पर डॉ. राजकुमार सांगवान (सांसद, बागपत लोकसभा) एवं डॉ. मंजू शिवाच (विधायक, मोदीनगर) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके मार्गदर्शन एवं सहयोग से इस विकास कार्य को क्षेत्र के लिए एक नई उपलब्धि बताया गया।

जनप्रतिनिधियों ने कहा कि मोदीनगर विधानसभा क्षेत्र के समग्र एवं संतुलित विकास के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे और जनहित से जुड़ी प्रत्येक आवश्यकता को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.