पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पुश्तैनी जमीन बेचकर एक करोड़ रुपये प्रधानमंत्री राहत कोष में दान किए

पुश्तैनी घर को बनाया जाएगा माँ शांति देवी पुस्तकालय — ग्रामीण बच्चों को मिलेगी शिक्षा की नई राह

हरियाणा, 23 अक्टूबर (एम. पी. भार्गव)। केंद्रीय ऊर्जा एवं शहरी आवासन मंत्री तथा हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने एक प्रेरणादायक पहल करते हुए अपने पुश्तैनी गाँव बनियानी (ज़िला रोहतक) में स्थित करीब डेढ़ एकड़ जमीन बेचकर उससे प्राप्त धनराशि प्रधानमंत्री राहत कोष में दान करने की घोषणा की है।

मनोहर लाल को इस जमीन की बिक्री से लगभग एक करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं, जिसे वे पूरी तरह से प्रधानमंत्री राहत कोष में समर्पित करेंगे ताकि देश के जरूरतमंद नागरिकों की सहायता में इसका उपयोग हो सके।

इसके साथ ही उन्होंने अपने पुश्तैनी आवास को “माँ शांति देवी पुस्तकालय” के नाम से दान करने का भी ऐलान किया है। इस आवास को पुस्तकालय में परिवर्तित किया जाएगा, जहाँ ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे और युवा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे। पुस्तकालय में अध्ययन के लिए उपयुक्त वातावरण, पुस्तकें और आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएंगी।

मनोहर लाल के इस निर्णय की सराहना पूरे प्रदेश में की जा रही है। लोगों का कहना है कि यह कदम समाज सेवा और शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक अनुकरणीय उदाहरण है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका उद्देश्य ग्रामीण अंचल के युवाओं को शिक्षा के प्रति प्रेरित करना और देश की सेवा के लिए तैयार करना है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.