रामपुर के पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष हंसराज पप्पू जाटव ने की सीएम योगी से मुलाकात, उठाए जनहित के दो अहम मुद्दे
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी, रामपुर के निवर्तमान जिला अध्यक्ष हंसराज पप्पू जाटव ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके लखनऊ स्थित कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने रामपुर जनपद की दो प्रमुख समस्याओं को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया और समाधान की मांग की।
हंसराज जाटव ने मुख्यमंत्री से मिलक तहसील स्थित नगर पालिका परिषद की वैध दुकानों को हटाए जाने की कार्रवाई पर रोक लगाने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि व्यापारीगण बीते 40 वर्षों से विधिपूर्वक किराए की दुकानों में व्यवसाय कर रहे हैं, और नगर पालिका को नियमित किराया भी जमा कर रहे हैं। हाल ही में उन्हें सूचित किया गया कि उनकी दुकानें सड़क चौड़ीकरण और अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत पीडब्ल्यूडी और एनजीटी आदेशों के अनुसार हटाई जा रही हैं। उन्होंने मांग की कि इस मामले में मुख्यमंत्री हस्तक्षेप कर व्यापारियों को न्याय दिलाएं।
इसके अलावा उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर छात्रावास, रामपुर की जर्जर अवस्था पर चिंता जताई और मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि निर्धन छात्रों के हित में छात्रावास भवन का पुनर्निर्माण कराया जाए, जिससे गरीब छात्र वहां रहकर शिक्षा प्राप्त कर सकें।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दोनों विषयों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि वे इन मुद्दों को संज्ञान में लेकर शीघ्र समाधान की दिशा में आवश्यक कदम उठाएंगे।
