बदायूं, फरवरी। होली पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने जिले में मिलावटी खाद्य एवं पेय पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया। इस दौरान ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के विभिन्न प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर कुल 4 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए।
यह कार्रवाई आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ तथा जिलाधिकारी के आदेश के क्रम में सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय सी.एल. यादव और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आर.पी. सिंह के निर्देशन में की गई। अभियान का उद्देश्य आम जनता को सुरक्षित और गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना और मिलावटखोरी पर प्रभावी रोक लगाना है।
छापेमारी के दौरान गोपी चौक स्थित पारूल रस्तोगी के प्रतिष्ठान से रिफाइंड सोयाबीन तेल का नमूना लिया गया, जबकि लगभग 74 लीटर रिफाइंड सोयाबीन तेल (अनुमानित मूल्य ₹10,500) सीज कर दिया गया। प्रतिष्ठान में साफ-सफाई संतोषजनक न मिलने पर सुधार नोटिस जारी किया गया।
इसी तरह अनाज मंडी स्थित हर्षित साहू के प्रतिष्ठान से गुड़ का नमूना लिया गया और साफ-सफाई में कमी मिलने पर नोटिस जारी किया गया। सैफुल्लागंज सहसवान में धर्मपाल के प्रतिष्ठान से छेना मिठाई का नमूना लिया गया तथा लगभग 45 किलोग्राम छेना मिठाई (अनुमानित मूल्य ₹5,000), जो मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त पाई गई, को नियमानुसार नष्ट कराया गया।
नसरुल्लाहगंज सहसवान स्थित असरार अहमद के प्रतिष्ठान से लड्डू का नमूना भी जांच के लिए संग्रहित किया गया। सभी चार नमूनों को खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों को ढककर रखने, दुकानों में साफ-सफाई बनाए रखने, गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री बेचने और बिना लाइसेंस कारोबार न करने के सख्त निर्देश दिए गए। साथ ही आम लोगों को मिलावटी खाद्य पदार्थों से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक भी किया गया।
इस अभियान में सहायक आयुक्त (खाद्य) सी.एल. यादव, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आर.पी. सिंह तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी भगवत सिंह, प्रिया त्रिपाठी, खुशीराम और करण सिंह मौजूद रहे।
khabre junction
