नया घर केवल ईंट-पत्थरों से बना एक मकान नहीं होता, बल्कि हर व्यक्ति का एक बड़ा सपना होता है। जब यह सपना पूरा होता है तो लोग चाहते हैं कि उनके घर में हमेशा सुख, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा बनी रहे। वास्तु शास्त्र के अनुसार नए घर में प्रवेश करते समय कुछ खास नियमों का पालन करना शुभ माना जाता है।
शुभ मुहूर्त में करें गृह प्रवेश
नए घर में प्रवेश करने से पहले पंचांग देखकर शुभ मुहूर्त तय करना चाहिए। शुभ समय में गृह प्रवेश करने से घर में सकारात्मक ऊर्जा का प्रवेश होता है और परिवार के जीवन में खुशहाली बनी रहती है।
घर में करें भगवान की स्थापना
गृह प्रवेश के समय सबसे पहले घर के मंदिर में भगवान की मूर्ति स्थापित कर विधि-विधान से पूजा करनी चाहिए। मान्यता है कि नए घर में सबसे पहले भगवान की पूजा करने से परिवार पर हमेशा उनकी कृपा बनी रहती है।
घर को रखें स्वच्छ
वास्तु शास्त्र के अनुसार नए घर में प्रवेश से पहले पूरे घर की अच्छी तरह सफाई करानी चाहिए। इसके बाद धूपबत्ती या कपूर जलाकर घर को सुगंधित करना चाहिए। इससे घर का वातावरण शुद्ध होता है और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
मुख्य द्वार पर लगाएं तोरण
नए घर में प्रवेश से पहले मुख्य द्वार पर तोरण या बंदनवार बांधना शुभ माना जाता है। वास्तु के अनुसार यह समृद्धि और शुभता का प्रतीक होता है और घर में खुशहाली लाने में सहायक माना जाता है।
रसोई में बनाएं कुछ मीठा
मान्यता है कि गृह प्रवेश के बाद सबसे पहले रसोई में कोई मीठी चीज बनानी चाहिए और उसे भगवान को भोग लगाना चाहिए। इससे घर में खुशहाली आती है और परिवार के रिश्तों में मिठास बनी रहती है।
