अमृतसर में गोल्डन एवेन्यू के बाहर फायरिंग, युवक की मौके पर मौत

मोटरसाइकिल सवारों ने बरसाईं गोलियां, 14 गोलियां लगींइस घटना से इलाके में दहशत, सुरक्षा को लेकर चिंतापुलिस अधिकारी पहुंचे मौके पर शुरू की जांच, गाड़ी कब्जे में आस पास के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं

अमृतसर में बीती देर रात गोल्डन एवेन्यू के बाहर बड़ी वारदात हुई। कार में जा रहे दो युवकों पर अचानक पीछे से आए मोटरसाइकिल सवारों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस घटना में 24 वर्षीय निमिष कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी हरप्रीत सिंह गंजा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को तुरंत अमृतसर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

मृतक युवक के भाई कमल कुमार ने बताया कि निमिष कुमार रिकवरी का काम करता था और उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। देर रात वह अपने दोस्त गंजा के साथ कार में जा रहा था कि अचानक कुछ युवकों ने कार पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। कमल कुमार का दावा है कि निमिष को करीब 14 गोलियां लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। लोगों में सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता देखने को मिल रही है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि रात के समय पेट्रोलिंग और सुरक्षा इंतज़ाम कड़े किए जाने चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

पुलिस मौके पर पहुंचकर गाड़ी को कब्जे में ले चुकी है और विभिन्न एंगल से जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारी राणा सिंह ने बताया कि इलाके के सभी सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं ताकि मोटरसाइकिल सवार हमलावरों की पहचान की जा सके और जल्द गिरफ्तारी की जा सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.