गर्मियों के मौसम में बालों में चिपचिपाहट और झड़ने की समस्या आम हो जाती है। बढ़ती गर्मी, उमस और पसीने के कारण बाल बेजान और चिपचिपे नजर आने लगते हैं। ऐसे में बालों की खास देखभाल बेहद जरूरी हो जाती है।
विशेषज्ञों के अनुसार, गर्मियों में स्कैल्प पर पसीना अधिक आता है, जिससे बाल जल्दी गंदे होते हैं और झड़ने लगते हैं। इसलिए इस मौसम में सही देखभाल और प्राकृतिक उपाय अपनाना जरूरी है।
आयुर्वेदिक उपाय फायदेमंद
आयुर्वेद में बालों की देखभाल को शरीर के संतुलन और पोषण से जोड़ा गया है। कुछ खास जड़ी-बूटियों से बने तेल बालों को गहराई से पोषण देकर उन्हें स्वस्थ और चमकदार बनाते हैं।
पहला उपाय:
आंवला चूर्ण, करी पत्ता, नारियल तेल और मेथी दाना को धीमी आंच पर उबालें। तेल का रंग बदलने के बाद इसे छानकर कांच के बर्तन में रख लें। यह तेल बालों को पोषण देता है, चमक बढ़ाता है और रूसी कम करने में मदद करता है। इसका इस्तेमाल हफ्ते में दो बार करें।
दूसरा उपाय:
आंवला, भृंगराज, ब्राह्मी, जटामांसी चूर्ण और तिल के तेल को मिलाकर धीमी आंच पर पकाएं। तैयार तेल को छानकर इस्तेमाल करें। यह बालों के झड़ने को कम करता है, स्कैल्प की सफाई करता है और समय से पहले सफेद होने की समस्या से भी राहत देता है।
कैसे करें इस्तेमाल:
इस तेल को हफ्ते में 2-3 बार हल्का गुनगुना कर बालों में लगाएं। अगर आपकी स्कैल्प ऑयली है, तो तेल लगाने के बाद बालों को अच्छे से शैम्पू से धो लें।
इसके साथ ही शरीर को हाइड्रेटेड रखना और ओमेगा-3 व विटामिन-ई से भरपूर आहार लेना भी जरूरी है। इन आसान उपायों को अपनाकर आप गर्मियों में भी अपने बालों को स्वस्थ, मुलायम और चमकदार बनाए रख सकते हैं।
Disclaimer: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के लिए है. इस तरह की किसी भी जानकारी पर अमल करने से पहले डॉक्टर या किसी विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें
