मां विंध्यवासिनी धाम में गर्भगृह के अंदर मारपीट, तीन पंडों पर केस दर्ज

शयन पूजा के दौरान हुआ विवाद, श्रद्धालुओं और सेवकों ने बचाई जान

  • रिपोर्ट- मंजय वर्मा

मीरजापुर | 5 जुलाई 2025: मीरजापुर स्थित मां विंध्यवासिनी धाम में शुक्रवार रात एक अफसोसनाक घटना सामने आई जब मंदिर के गर्भगृह के अंदर ही मारपीट हो गई। शयन पूजा के समय हुए इस विवाद में एक पंडा और उसके सहयोगियों ने दूसरे पंडा और उनके बेटे से मां विंध्यवासिनी के सामने ही हाथापाई कर डाली।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तीन नामजद पंडों और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

क्या है पूरा मामला?
पाकरतर निवासी बड़े श्रृंगारिया विश्व मोहन मिश्रा ने थाना कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि वह प्रतिदिन माता के गर्भगृह में शयन कराने का उत्तरदायित्व निभाते हैं। शुक्रवार रात करीब 11:55 बजे वह और उनके पुत्र शिवांजू मिश्रा गर्भगृह में शयन की तैयारी कर रहे थे, तभी अमित पांडेय, उनके भाई सुमित पांडेय, नवनीत पांडेय व कुछ अन्य लोग जबरन अंदर घुस आए और पूजा-पाठ करने की ज़िद करने लगे।

आरोपों के अनुसार…
मना करने पर अमित पांडेय और उनके साथियों ने गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। दर्शन करने आए श्रद्धालुओं और मंदिर के सेवकों ने बीच-बचाव कर विश्व मोहन और उनके पुत्र की जान बचाई।

पुलिस कार्रवाई
विश्व मोहन मिश्रा की तहरीर पर पुलिस ने अमित पांडेय, सुमित पांडेय, नवनीत पांडेय और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ धार्मिक स्थल पर शांति भंग करने, मारपीट, और बाधा उत्पन्न करने की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।

मंदिर में बढ़ी सुरक्षा की मांग
घटना के बाद श्रद्धालुओं और सेवकों में रोष व्याप्त है। लोग मांग कर रहे हैं कि मंदिर के गर्भगृह में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को और कड़ा किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।

Leave A Reply

Your email address will not be published.