तेज धूप या तेज हवा में कीटनाशक स्प्रे न करें किसान, गोष्ठी में दी गई फसल व स्वास्थ्य सुरक्षा की जानकारी

ऐलनाबाद, सिरसा, फरवरी (एम पी भार्गव): कृषि एवं किसान कल्याण विभाग एवं इंसेक्टिसाइड इंडिया लिमिटेड द्वारा गांव नानकपुरा में स्टीवर्ड दिवस के अवसर पर किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान किसानों को फसलों की सुरक्षा के साथ-साथ अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।

गोष्ठी में सहायक पौधा संरक्षण अधिकारी डॉ. विजेंद्र चौहान ने किसानों को कीटनाशकों के सुरक्षित और प्रभावी उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसान तेज धूप या तेज हवा के दौरान कीटनाशकों का छिड़काव न करें, क्योंकि इससे दवा का प्रभाव कम हो जाता है और स्वास्थ्य पर भी दुष्प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने किसानों को सलाह दी कि छिड़काव शांत मौसम में सुबह या शाम के समय हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय की सिफारिशों के अनुसार ही करें।

उन्होंने यह भी बताया कि कीटनाशक के प्रयोग के बाद हाथ और मुंह को साबुन से अच्छी तरह धोना चाहिए, ताकि शरीर पर किसी भी प्रकार के रासायनिक प्रभाव से बचा जा सके।

इस अवसर पर जोनल मैनेजर रविन्द्र यादव ने किसानों को पीपीई किट पहनने की सलाह देते हुए कहा कि यह शरीर को रसायनों के दुष्प्रभाव से बचाने में मददगार होती है। उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि कीटनाशकों के खाली डिब्बों और पाउच को इधर-उधर न फेंकें, बल्कि उन्हें जमीन में दबाकर सुरक्षित तरीके से नष्ट करें।

डॉ. विजेंद्र चौहान ने किसानों से यह भी अपील की कि वे कीटनाशक, खाद या बीज खरीदते समय हमेशा पक्का बिल लें, ताकि गुणवत्ता और प्रमाणिकता सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि सही जानकारी और सावधानी अपनाकर किसान न केवल अपनी फसल को हानिकारक कीटों से बचा सकते हैं, बल्कि अपने स्वास्थ्य की भी सुरक्षा कर सकते हैं।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.