कादराबाद रेलवे फाटक पर अंडरपास निर्माण को लेकर किसानों का विरोध, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

मोदीनगर, मोहिउद्दीनपुर ओवरब्रिज पर आवागमन शुरू होने से पहले कादराबाद रेलवे फाटक पर अंडरपास निर्माण कार्य शुरू कराने के विरोध में किसानों ने सोमवार को तहसील मोदीनगर पहुंचकर प्रदर्शन किया। बाबा परमेन्द्र आर्य के नेतृत्व में गांव रोरी और आसपास के क्षेत्रों के काफी संख्या में किसानों ने नारेबाजी करते हुए उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।

किसानों ने बताया कि कादराबाद से गांव रोरी जाने वाले रास्ते पर रेलवे फाटक पर अंडरपास बनाए जाने की जानकारी रेलवे अधिकारियों से मिली है और जल्द ही इसका काम शुरू किया जा सकता है। इस सूचना से ग्रामीणों में भारी रोष है। किसानों का कहना है कि पहले से ही मोहिउद्दीनपुर रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके कारण वहां अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। इसके अलावा हापुड़ रोड स्थित राज चौपला रेलवे फाटक पर भी ओवरब्रिज का काम जारी है, जिससे उस मार्ग पर भी यातायात प्रभावित रहता है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि इसी समय कादराबाद रेलवे फाटक पर भी अंडरपास का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया तो इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह से बाधित हो जाएगा और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। किसानों ने प्रशासन से मांग की कि जब तक मोहिउद्दीनपुर ओवरब्रिज पर आवागमन शुरू नहीं हो जाता, तब तक कादराबाद रेलवे फाटक पर अंडरपास निर्माण का कार्य शुरू न कराया जाए।

उपजिलाधिकारी ने किसानों को आश्वासन दिया कि जल्द ही किसानों और रेलवे अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर इस समस्या का समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।

इस दौरान भाकियू नेता पप्पी नेहरा, कुलदीप त्यागी तलहेटा, राम नारायण, मनोज मुकदम, मीनू चौधरी, मनोज कुमार, दीपक कुमार, नितिन शर्मा एडवोकेट, कपिल कुमार, प्रकाश चौधरी, ज्ञानेन्द्र सिंह, राजपाल सिंह और संजू श्योराण सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.