ऐलनाबाद, 25 नवंबर (एम.पी. भार्गव)।इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने आरोप लगाया है कि बीजेपी सरकार किसानों का शोषण कर रही है और उन्हें आर्थिक रूप से कमजोर बनाने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा नरमा खरीद का जिम्मा सीसीआई को सौंपे जाने के बावजूद किसानों को अपनी फसल उचित मूल्य पर बेचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
चौटाला ने बताया कि किसान मजबूरी में अपनी नरमा की फसल एमएसपी से 1000 से 1100 रुपये कम कीमत पर निजी व्यापारियों को बेच रहे हैं। मंडियों में किसानों की सुनवाई नहीं हो रही है और किसान चौतरफा मार झेल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि एक ओर बारिश और सुंडी के प्रकोप से नरमा की पैदावार बुरी तरह प्रभावित हुई है, वहीं अब सरकार की खरीद नीतियों की उदासीनता किसानों पर दोहरी मार कर रही है।
सरकार पर गंभीर आरोप
चौटाला ने कहा—
अगर सरकार किसानों की पूरी नरमा फसल एमएसपी पर खरीदने में असमर्थ है,
तो भावांतर भरपाई योजना के तहत उनके नुकसान की भरपाई करे।
खेतों में भरे पानी की निकासी के लिए अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
जलभराव से बर्बाद हुई फसलों का मुआवजा भी अभी तक किसानों को नहीं मिला।
इसके उलट सरकार ने ट्रैक्टर रजिस्ट्रेशन नवीनीकरण शुल्क 10 गुना बढ़ाकर किसानों पर और बोझ डाल दिया है।
सरकार से त्वरित कार्रवाई की मांग
चौटाला ने मांग की कि—
सरकार तुरंत नरमा फसल की संपूर्ण खरीद एमएसपी पर सुनिश्चित करे,
जलभराव से नष्ट हुई फसलों का तत्काल मुआवजा जारी करे,
ताकि किसान आर्थिक संकट से बाहर आ सकें।
उन्होंने कहा कि वर्तमान नीतियाँ साफ दिखाती हैं कि बीजेपी सरकार किसानों के हितों के प्रति गंभीर नहीं है, जिसका खामियाजा किसानों को भारी आर्थिक नुकसान के रूप में उठाना पड़ रहा है।
