Faridabad: फर्जी डॉक्टर के खौफनाक कारनामे… राज खुले तो दंग रह गए अफसर; अब डिग्री की जांच करेगी पुलिस
फरीदाबाद के बादशाह खान अस्पताल में पीपीपी मोड पर चल रहे हार्ट सेंटर में फर्जी डिग्री वाले डॉक्टर द्वारा ऑपरेशन करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने डॉक्टर और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डॉक्टर की जनरल फिजिशियन डिग्री पर भी संदेह जताया जा रहा है और स्वास्थ्य विभाग की भूमिका भी संदेह के घेरे में है।
फरीदाबाद। फरीदाबाद में जिला नागरिक बादशाह खान अस्पताल में पीपीपी मोड पर संचालित हार्ट सेंटर में कार्डियोलॉजी की फर्जी डिग्री के सहारे नियुक्त होकर 50 से अधिक ऑपरेशन करने वाले कथित हृदय रोग विशेषज्ञ की अब जनरल फिजिशियन वाली डिग्री की भी जांच होगी।
डा. पंकज मोहन शर्मा, हार्ट सेंटर के सीएमडी और एमडी सहित पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद डीसीपी ने मामले की गहराई से जांच के लिए थाना एसजीएम नगर को जांच के साथ-साथ क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 को भी जांच करने का जिम्मा सौंपा है।
पुलिस ने इस मामले में पंकज मोहन शर्मा, हार्ट सेंटर का पीपीपी मोड पर संचालन करने वाली मेडिट्रिना हॉस्पिटल प्राइवेट लिमिटेड के सीएमडी डा. एन प्रताप कुमार, एचआर हेड दलीप नायर, सेंटर हेड पीयूष श्रीवास्तव व मंदीप और हरियाणा सेंटर हेड अजय शर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी करने, सब कुछ जानते हुए भी लोगों की जान खतरे में डालने आदि धाराओं के तहत मंगलवार को मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने पांचों आरोपित को नोटिस देकर पूछताछ के लिए बुलाया है।
मामले में पुलिस का एक एंगल यह भी है और संदेह भी व्यक्त किया जा रहा है कि हार्ट सेंटर में मरीजों का ऑपरेशन करने वाला डाक्टर पंकज मोहन शर्मा जनरल फिजिशियन भी है या नहीं, क्योंकि शिकायतकर्ता एडवोकेट संजय गुप्ता ने अपनी शिकायत में इस बात पर भी सवाल किया है कि उन्हें डाक्टर के फिजिशियन होने पर भी शक है। पता नहीं उनके पास एमबीबीएस की डिग्री भी है या नहीं।
पुलिस के अनुसार डाक्टर के रजिस्ट्रेशन नंबर की भी जांच की जा रही है। डाक्टर पंकज ने अपना रजिस्ट्रेशन नंबर दिल्ली से हरियाणा में ट्रांसफर करवाया था।
