फरीदाबाद शहर से एक के बाद एक तीन ठगी के मामले सामने आए हैं। जिसमें क्रेडिट और डेबिट कार्ड द्वारा ठगी की गई है। पहला मामला थाना सूरजकुंड में गांव मेवला महाराजपुर की रवि कालोनी से आया है। पीड़ित ने बताया कि जब वह ए़टीएम में पिन जनरेट कर रहा था। तभी वहां पर एक युवक बोला कि वो उसका पिन बना देगा। पढ़ें दो और केस के बारे में।
फरीदाबाद। पुलिस द्वारा बार-बार आमजन से आग्रह किया जा रहा है कि अज्ञात शख्स की बात पर विश्वास न करें। इसके बावजूद लोग मानने को तैयार नहीं हैं। यही कारण है कि लोग अपने खाते साफ कराते जा रहे हैं। शहर में अलग-अलग तीन जगह क्रेडिट व डेबिट कार्ड द्वारा ठगी के मामले सामने आए।
पिन जनरेट के बहाने निकाले 75 हजार
थाना सूरजकुंड में गांव मेवला महाराजपुर की रवि कालोनी में रहने वाले रामलाल ने दी शिकायत में बताया कि 24 जून को वह कैनरा बैंक के एटीएम के लिए पिन नंबर जनरेट करने के लिए सेक्टर-46 की मार्केट गया था। जब वह एटीएम बूथ के अंदर पिन जनरेट करने लगा तो पीछे से एक युवक आया। बोला कि वह उसका पिन बना देगा।
इस पर उसने कार्ड की पूरी जानकारी भर दी। इसके बाद उसके खाते से 98 हजार 602 रुपये निकल गए। उसने इसकी शिकायत साइबर हेल्पलाइन टोल फ्री नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाई। अब यह मुकदमा दर्ज किया गया है।
क्रेडिट कार्ड बनवाने के नाम पर ठगी
साइबर थाना एनआइटी में नई बस्ती मुजेसर में रहने वाले लल्लन पटेल ने दी शिकायत में बताया कि नौ फरवरी को उसके मोबाइल पर एक युवती की काल आई। उसने अपने आपको अमेरिकन एक्सप्रेस बैंक की कर्मचारी बताया। कहा कि उनके बैंक का क्रेडिट कार्ड बनवा ला। लल्लन ने युवती को मना कर दिया। इस पर युवती ने फिर से उसे जीवन भर चार्ज फ्री कह कर कार्ड बनवाने के लिए कहा। इस पर वह राजी हो गया।
युवती ने उससे आधार कार्ड, पैन कार्ड सहित अन्य दस्तावेज की प्रति वाट्सएप पर मंगा ली। इसके बाद एक लिंक भेजा और इसे क्लिक कर जानकारी भरने को कहा। इसके बाद उसके खाते से 50 हजार 647 रुपये निकल गए। लेकिन इसका मैसेज उसके मोबाइल पर नहीं आया। उनके बेटे की ईमेल पर यह मैसेज आया। इसकी शिकायत पुलिस को दी।
