कालका एक्सप्रेस के इंजन से फर्जी लोको पायलट गिरफ्तार, पास में लाल-हरी झंडी और लॉग बुक भी मिली 

  • रिपोर्ट- मंजय वर्मा

इटावा रेलवे स्टेशन पर कालका एक्सप्रेस के इंजन से एक फर्जी लोको पायलट को गिरफ्तार किया गया। आरोपी युवक लोको पायलट की यूनिफॉर्म पहनकर, गले में नकली आईडी कार्ड और हाथ में लाल-हरी झंडी लेकर इंजन में बैठा था। असली लोको पायलट की नजरें जब उस पर पड़ीं, तो शक होने पर उसकी पोल खुल गई।

 फिरोजाबाद का रहने वाला है आरोपी 
गिरफ्तार युवक का नाम आकाश कुमार है, जो फिरोजाबाद जिले के कौसल्या नगर का निवासी है। वह केवल दसवीं पास है, लेकिन पिछले दो सालों से खुद को लोको पायलट बताकर ट्रेनों में सफर कर रहा था। उसके पास से लोको पायलट की वर्दी, नकली आईडी कार्ड, नेमप्लेट, फ्लैग्स और एक लॉगबुक बरामद हुई है।

किराया बचाने के लिए बनता था फर्जी लोको पायलट 
पूछताछ में आकाश ने स्वीकार किया कि वह ट्रेन का किराया बचाने के लिए इस तरह का नाटक करता था। वर्दी और आईडी कार्ड देखने में असली जैसे होने के कारण लोग उस पर शक नहीं करते थे। उसने कई बार एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों के इंजनों में सफर किया।

रेलवे सुरक्षा पर उठे सवाल 
GRP अधिकारियों का कहना है कि यह केवल किराया बचाने का मामला नहीं हो सकता। संभावना है कि इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह काम कर रहा हो। रेलवे सुरक्षा विशेषज्ञों ने भी चेताया है कि यदि यह युवक इंजन पर नियंत्रण पा जाता तो यह यात्रियों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन सकता था।

फिलहाल आरोपी को जेल भेज दिया गया है और GRP अब यह जांच कर रही है कि उसके पीछे कोई संगठित गिरोह सक्रिय है या नहीं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.