लखीसराय (सरफराज आलम): खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में Mera Yuva Bharat युवा कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के दूसरे दिन वॉलीबॉल, 400 मीटर दौड़ एवं लंबी कूद प्रतियोगिताओं का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्रा, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार एवं अपर समाहर्ता नीरज कुमार ने संयुक्त रूप से किया।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने जोश और खेल भावना के साथ भाग लिया। वॉलीबॉल (पुरुष) प्रतियोगिता में सूर्यगढ़ा युवा क्लब विजेता रहा, जबकि वॉलीबॉल क्लब लखीसराय उपविजेता बना। कबड्डी (पुरुष) प्रतियोगिता में सूर्यगढ़ा कबड्डी क्लब ने प्रथम स्थान हासिल किया और कबड्डी क्लब लखीसराय उपविजेता रहा।
महिला वर्ग की लंबी कूद प्रतियोगिता में सुहानी ने प्रथम, रेशम ने द्वितीय और प्रीति ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 400 मीटर दौड़ (महिला) में अंजलि प्रथम, रेशम द्वितीय और आकांक्षा तृतीय स्थान पर रहीं। पुरुष लंबी कूद में अमन प्रथम, गणेश द्वितीय और सुमित तृतीय स्थान पर रहे, जबकि 400 मीटर दौड़ (पुरुष) में शोएब ने प्रथम, गुलशन ने द्वितीय और शंटु ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
समापन अवसर पर जिला पदाधिकारी और उप विकास आयुक्त ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों और टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्रा ने कहा कि खेलों में सफलता के लिए अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास आवश्यक है। उन्होंने युवाओं को खेलों में करियर बनाने और खेल कोटे के माध्यम से अपने भविष्य को सुरक्षित करने के लिए प्रेरित किया।
उप विकास आयुक्त और अपर समाहर्ता ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल के क्षेत्र में युवाओं के लिए असीम संभावनाएं हैं और खेल राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन केंद्र के कार्यक्रम प्रभारी राजीव नंदन कुमार ने किया। प्रतियोगिता को सफल बनाने में मेरा युवा भारत लखीसराय के स्वयंसेवकों तथा विभिन्न युवा क्लबों के सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
khabre junction
