नई दिल्ली। कई लोग दिनभर भूख लगने की शिकायत करते हैं। कुछ देर पहले खाना खाने के बाद भी बार-बार खाना खाने की इच्छा होना सामान्य नहीं है। यह शरीर में किसी स्वास्थ्य समस्या की ओर इशारा कर सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार, यदि किसी को दिनभर में 8-10 बार खाने का मन करता है या लगातार भूख महसूस होती है, तो इसे नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है। जानिए इसके प्रमुख कारण—
1. डायबिटीज (शुगर की बीमारी)
जब शरीर में इंसुलिन का स्तर कम हो जाता है या वह ठीक से कार्य नहीं करता, तो खाया हुआ ग्लूकोज ऊर्जा में परिवर्तित नहीं हो पाता। परिणामस्वरूप दिमाग ऊर्जा की कमी समझकर भूख का संकेत देता है। बार-बार पेशाब आना, थकान महसूस होना और वजन कम होना इसके अन्य लक्षण हैं।
2. थायराइड की समस्या (हाइपरथायराइडिज्म)
थायराइड हार्मोन बढ़ जाने पर शरीर की मेटाबॉलिज्म दर तेज हो जाती है। खाना जल्दी पच जाता है और फिर भूख लगने लगती है। वजन तेजी से घटना, बेचैनी और हाथ कांपना इस बीमारी के जोखिम को बढ़ाता है।
3. मानसिक तनाव और चिंता
तनाव के दौरान दिमाग में खुश रखने वाले हार्मोन (सेरोटोनिन और डोपामाइन) का स्तर कम हो जाता है। इसके संतुलन के लिए लोग मीठा और जंक फूड का सेवन ज्यादा करने लगते हैं। इसे भावनात्मक भूख या Emotional Hunger कहा जाता है।
4. नींद की कमी
रात में पर्याप्त नींद न लेने पर ग्रेलिन हार्मोन बढ़ जाता है और लेप्टिन कम हो जाता है, जिससे भूख नियंत्रित नहीं रहती। केवल 5-6 घंटे की नींद भी दिनभर खाने की इच्छा बढ़ा सकती है।
5. पेट में कीड़े या परजीवी संक्रमण
पेट में कीड़ों की मौजूदगी भोजन के पोषक तत्वों को नष्ट कर देती है। इससे व्यक्ति कितना भी खा ले, भूख जल्दी लगती है। यह समस्या बच्चों में ज्यादा पाई जाती है।
विशेषज्ञों की सलाह
अगर आपको भी अक्सर बार-बार भूख लगने की समस्या है, तो इसे सामान्य न समझें। समय रहते डॉक्टर से जांच कराएं, सही खानपान और जीवनशैली अपनाएं। वरना यह बड़ी बीमारी का रूप ले सकती है।
Disclaimer: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के लिए है. इस तरह की किसी भी जानकारी पर अमल करने से पहले डॉक्टर या किसी विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें
