60 की उम्र में भी फिट और जवान आमिर खान, जानिए उनकी फिटनेस का राज

मुंबई।‘उम्र तो बस एक नंबर है’—इस कहावत को अगर किसी ने सच कर दिखाया है तो वह हैं बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान। 60 साल की उम्र में भी आमिर खान अपनी फिटनेस, चेहरे की चमक और काम के प्रति जुनून से नए और युवा कलाकारों को भी पीछे छोड़ते नजर आते हैं।

हाल ही में मुंबई में आयोजित एक मैराथन में आमिर खान अपनी बेटी इरा खान, फिल्ममेकर किरण राव और अभिनेता डिनो मोरिया के साथ शामिल हुए। इस दौरान आमिर ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि उन्हें इस मैराथन में हिस्सा लेकर बेहद आनंद आया। उन्होंने खास तौर पर दिव्यांगजनों और सीनियर सिटीजन में दिखे उत्साह की सराहना की और कहा कि लोगों का यही जुनून उन्हें हर साल यहां आने के लिए प्रेरित करता है।

आमिर खान ने बताया कि मैराथन में शामिल होने के लिए उनकी बेटी इरा खान ने उन्हें प्रोत्साहित किया था और अब उन्हें लग रहा है कि यह फैसला बिल्कुल सही था। बातचीत के दौरान आमिर ने अपनी फिटनेस का राज भी साझा किया। उन्होंने कहा कि फिट रहने का सबसे पहला और सबसे अहम नियम सही डाइट है। इंसान वही होता है जो वह खाता है, इसलिए खानपान को लेकर जागरूक रहना बेहद जरूरी है।

आमिर के अनुसार फिटनेस में दूसरा सबसे जरूरी पहलू नींद है। उन्होंने कहा कि सेहतमंद रहने के लिए रोजाना कम से कम आठ घंटे की नींद बहुत जरूरी होती है। वर्कआउट को उन्होंने तीसरे नंबर पर रखा और कहा कि अगर सही डाइट और पूरी नींद नहीं होगी, तो सिर्फ एक्सरसाइज से फिट नहीं रहा जा सकता।

इस मैराथन में आमिर की बेटी इरा खान भी शामिल रहीं, जो लगातार मानसिक स्वास्थ्य को लेकर काम कर रही हैं। इरा का मानना है कि फिटनेस सिर्फ शरीर तक सीमित नहीं है, बल्कि मानसिक सेहत उससे गहराई से जुड़ी हुई है।

वहीं फिल्ममेकर किरण राव ने इस मैराथन को ऐसा मंच बताया, जो समाज के हर वर्ग को एक साथ लाता है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन की सबसे बड़ी खूबी यह है कि इसमें प्रोफेशनल रनर से लेकर पहली बार दौड़ में हिस्सा लेने वाले लोग, दिव्यांग और सीनियर सिटीजन सभी एक साथ नजर आते हैं।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.