Moga में होने वाली केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah की बड़ी रैली को लेकर पूरे पंजाब में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में Amritsar से भी भाजपा नेताओं ने अपने कार्यकर्ताओं के साथ कई बसें मोगा के लिए रवाना कीं। रैली में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं और बुजुर्ग मोगा की ओर जा रहे हैं।
इस अवसर पर हल्का उत्तरी से भाजपा नेता Akshay Sharma ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि वह हर उस युवा, बहन और बुजुर्ग का धन्यवाद करते हैं जो पंजाब के नए भविष्य के लिए अपने घरों से निकलकर मोगा रैली में शामिल होने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह रैली केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि पंजाब के विकास और पंजाबी पहचान की बात करने का एक महत्वपूर्ण मंच है।
अक्षय शर्मा ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हमेशा पंजाब और पंजाबियों के हित में खड़े रहे हैं और आज की रैली के दौरान भी प्रदेश के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि पंजाब में बने डर और असुरक्षा के माहौल से लोगों को बाहर निकालने और असली बदलाव की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए भाजपा प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक दलों ने बदलाव के नाम पर लोगों को गुमराह किया, जबकि वास्तविक बदलाव वही होता है जो प्रदेश में विकास और खुशहाली लेकर आए। उन्होंने विश्वास जताया कि जब भाजपा का कमल पंजाब में खिलेगा तो राज्य में तरक्की और समृद्धि का नया दौर शुरू होगा।
अक्षय शर्मा ने बताया कि अमृतसर से हर वर्ग के लोग बड़ी संख्या में रैली में शामिल होने के लिए रवाना हुए हैं और लगभग हर बूथ से सैकड़ों कार्यकर्ता मोगा पहुंच रहे हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि आज की रैली के दौरान पंजाब के विकास से जुड़े कई बड़े ऐलान किए जा सकते हैं, जिसके कारण लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
