ऐलनाबाद के पर्वतारोही हुकम चंद उर्फ चाँद माही के माउंट एवरेस्ट मिशन को मिला आर्थिक सहयोग, मिशन विदाउट ऑक्सीजन को मिली नई उड़ान
ऐलनाबाद, 30 जुलाई (एम.पी. भार्गव): ऐलनाबाद की शान, पर्वतारोही हुकम चंद उर्फ चाँद माही, जिन्होंने अब तक देश-विदेश की कई ऊँची पर्वत चोटियों को सफलतापूर्वक फतेह किया है, अब एक और ऐतिहासिक लक्ष्य की ओर बढ़ रहे हैं — माउंट एवरेस्ट को बिना ऑक्सीजन के फतेह करना। यह सपना जितना साहसिक है, उतना ही आर्थिक सहयोग की मांग भी करता है।
चाँद माही एक बेहद सामान्य और निर्धन परिवार से संबंध रखते हैं। ऐसे में उनके इस कठिन लक्ष्य को पूरा करने के लिए उन्हें समाज का सहयोग आवश्यक है। उनकी इस अपील पर राजकीय चौधरी मनीराम झोरड़ कॉलेज, मिट्ठी ऐलनाबाद (सुरेरां) के स्टॉफ सदस्यों ने ₹11,500 की सहयोग राशि प्रदान की।
कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. सज्जन कुमार ने चाँद माही को उनके मिशन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सहयोग केवल एक आर्थिक मदद नहीं, बल्कि एक सपने को उड़ान देने की प्रेरणा है। वहीं चाँद माही ने कॉलेज के सभी स्टॉफ सदस्यों का हार्दिक आभार व्यक्त किया और भरोसा जताया कि वे अपने लक्ष्य को ज़रूर हासिल करेंगे।
इस अवसर पर कॉलेज के अनेक सम्माननीय शिक्षक मौजूद रहे:
प्रो. साधा सिंह, प्रो. दलीप सिंह, प्रो. सावन कुमार, प्रो. ओम प्रकाश, प्रो. राजीव सिंह, प्रो. अशोक कुमार, प्रो. सुभाष, प्रो. कुलजीत कौर, प्रो. जोगिंदर सिंह, प्रो. परवीन कुमार, प्रो. वेद कुमार सहित कई गणमान्य जन।
उल्लेखनीय है कि ऐलनाबाद क्षेत्र से चाँद माही को समय-समय पर समाजसेवियों द्वारा निरंतर आर्थिक सहयोग प्राप्त हो रहा है, जो उनकी मेहनत और लगन की सार्वजनिक सराहना का प्रतीक है।
हुकम चंद उर्फ चाँद माही का “मिशन माउंट एवरेस्ट विदाउट ऑक्सीजन” न केवल ऐलनाबाद बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणा स्रोत बन सकता है।
उनकी सफलता की कामना के साथ —
डॉ. एम.पी. भार्गव
सीनियर जर्नलिस्ट, ऐलनाबाद (हरियाणा)
