ऐलनाबाद: नहरों की टेलों तक पानी न पहुंचने से आक्रोशित किसान, काले झंडे दिखाने से पहले पुलिस ने रोका

ऐलनाबाद, 24 अगस्त (एम.पी. भार्गव)। क्षेत्र की फलड़ी नहरों की टेलों तक उचित मात्रा में पानी न पहुंचने से नाराज़ किसान पिछले 15 दिनों से धरने पर बैठे हैं। आज सुबह करीब 4 बजे ये किसान ऐलनाबाद के शहीद उधम सिंह चौक पर इकट्ठा हुए और मुख्यमंत्री को डबवाली में काले झंडे दिखाने के लिए रवाना होने की तैयारी कर रहे थे। लेकिन पुलिस ने समय रहते उन्हें चौक पर ही रोक लिया।

सूचना मिलने पर ऐलनाबाद के वरिष्ठ भाजपा नेता अमीर चंद मेहता मौके पर पहुंचे और किसानों से बातचीत की। उन्होंने किसानों को आश्वासन दिया कि वह उनकी मांग मुख्यमंत्री के सामने रखेंगे और जल्द ही समस्या का समाधान करवाएंगे। मेहता ने कहा कि यदि इसके बाद भी टेलों तक पानी नहीं पहुंचा, तो वे स्वयं किसानों के साथ धरने पर बैठेंगे।

इसके बाद किसानों ने आपसी सहमति से मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाने का फैसला फिलहाल टाल दिया और वापस नहरों की टेलों पर चल रहे अपने धरने पर लौट गए।

किसानों का कहना है कि पानी न मिलने से आठ गांवों के किसान प्रभावित हैं और उनकी फसलें सूखने की कगार पर हैं। बावजूद इसके विभागीय अधिकारी उनकी समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दे रहे।

किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें जल्द नहीं मानी गईं तो वे आंदोलन तेज करेंगे और सिरसा में मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाएंगे।

फिलहाल भाजपा नेता अमीर चंद मेहता ने किसानों को सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा देकर स्थिति को संभालने की कोशिश की है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.