बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए निर्वाचन आयोग की तैयारियाँ पूरी, 8.5 लाख अधिकारी-कर्मी होंगे तैनात

नई दिल्ली/पटना, 9 अक्टूबर 2025। निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने 6 अक्टूबर 2025 को बिहार विधानसभा के आम चुनाव और 6 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के 8 विधानसभा क्षेत्रों के उपचुनावों की घोषणा की। आयोग ने पारदर्शी और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए अभूतपूर्व स्तर पर प्रशासनिक तैयारियाँ की हैं।

बिहार में विभिन्न चरणों में होने वाले विधानसभा चुनाव को सुचारू, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए लगभग 8.5 लाख अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की गई है। इनमें लगभग 4.53 लाख मतदान कर्मी, 2.5 लाख पुलिस अधिकारी, 28,370 मतगणना कर्मी, 17,875 माइक्रो ऑब्जर्वर, 9,625 सेक्टर अधिकारी, 4,840 मतगणना माइक्रो ऑब्जर्वर, और 90,712 आंगनवाड़ी सेविकाएँ शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त, 90,712 बीएलओ (ब्लॉक लेवल ऑफिसर) और 243 ईआरओ (इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर) को भी सक्रिय किया गया है ताकि मतदाता सहायता के लिए आसानी से उपलब्ध रहें। आयोग ने “बुक-अ-कॉल टू बीएलओ” सुविधा को भी सक्रिय किया है, जिससे मतदाता फ़ोन कॉल या ECInet ऐप के माध्यम से अपने बीएलओ से सीधे संपर्क कर सकेंगे।

किसी भी शिकायत या जानकारी के लिए प्रत्येक जिले में कॉल सेंटर 1950 (एसटीडी कोड सहित) नंबर पर भी उपलब्ध होगा।

जनप्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 28A के तहत, सभी तैनात अधिकारी एवं कर्मी चुनाव आयोग में प्रतिनियुक्ति पर माने जाएंगे, जिससे निष्पक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।

पहली बार बिहार के सभी 243 विधानसभा क्षेत्रों में एक-एक सामान्य पर्यवेक्षक (General Observer) की तैनाती की गई है, जो आयोग की “आँख और कान” के रूप में कार्य करेंगे। इनके अलावा 38 पुलिस पर्यवेक्षक और 67 व्यय पर्यवेक्षक भी तैनात किए गए हैं। ये अधिकारी अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में रहकर राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों के साथ नियमित संवाद स्थापित करेंगे तथा उनकी शिकायतों और सुझावों पर त्वरित कार्रवाई करेंगे।

निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि बिहार में इस बार का चुनाव पूर्णतः पारदर्शी, सुरक्षित और सहभागी वातावरण में कराया जाएगा, ताकि हर मतदाता बिना किसी भय या बाधा के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.