- रिपोर्ट: नीरज मित्तल
फरीदाबाद: शहर में ठगी और लूट का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां तीन युवकों ने एक बुजुर्ग महिला को बातों में उलझाकर और कथित तौर पर सम्मोहित कर उसके सोने के कुंडल उतरवा लिए और मौके से फरार हो गए। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। डबुआ थाना पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, डबुआ गांव निवासी 70 वर्षीय रमेश देवी वीरवार सुबह करीब 10 बजे दवाई लेने के लिए पैदल मार्केट जा रही थीं। जैसे ही वह अपने घर के पास मोड़ पर पहुंचीं, एक युवक ने उनसे डबुआ गांव का रास्ता पूछने के बहाने रोक लिया। महिला के रुकते ही दूसरा युवक भी वहां आकर खड़ा हो गया।
बताया जा रहा है कि दोनों युवकों ने कुछ देर तक महिला को बातों में उलझाए रखा और फिर उसे गली के एक कोने में ले गए, जहां तीसरा युवक भी पहुंच गया। इसके बाद तीनों ने मिलकर महिला को कथित रूप से सम्मोहित कर उसके सोने के कुंडल उतरवा लिए और फरार हो गए।
पीड़िता रमेश देवी के अनुसार, युवकों ने उन्हें यह कहकर डराया कि कानों में पहने कुंडल कोई छीन सकता है, इसलिए उन्हें उतार लेना चाहिए। जब उन्होंने मना किया तो युवकों ने उनके हाथों पर कुछ लगाया और उन्हें पहले चेहरे और फिर सिर पर हाथ फेरने को कहा। ऐसा करते ही वह कुछ समय के लिए सुन्न हो गईं और उन्हें कुछ समझ नहीं आया।
महिला ने बताया कि करीब एक-दो मिनट बाद जब उन्हें होश आया तो उनके कानों से करीब 6 ग्राम सोने के कुंडल गायब थे। घटना के बाद वह वहीं बैठकर रोने लगीं और बाद में उन्होंने डबुआ थाने में लिखित शिकायत दी।
थाना प्रभारी संग्राम दहिया ने बताया कि मामले की शिकायत मिल चुकी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान कर जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।
