नई दिल्ली। अंडे को सेहत के लिए फायदेमंद माना जाता है, लेकिन इसकी जर्दी (पीला हिस्सा) को लेकर लंबे समय से भ्रम बना हुआ है। आम धारणा है कि जर्दी में मौजूद कोलेस्ट्रॉल दिल की सेहत के लिए नुकसानदायक होता है। हालांकि अब विशेषज्ञ इस धारणा पर नए सिरे से विचार करने की बात कह रहे हैं।
Dr. Ashish Gautam (प्रिंसिपल डायरेक्टर, रोबोटिक एवं लेप्रोस्कोपिक सर्जरी, Max Super Speciality Hospital Patparganj) के अनुसार, अंडे की जर्दी में कोलेस्ट्रॉल जरूर होता है, लेकिन सीमित मात्रा में इसका सेवन आमतौर पर नुकसानदायक नहीं होता। एक जर्दी में करीब 180-200 मिलीग्राम कोलेस्ट्रॉल पाया जाता है, लेकिन इसका असर सीधे खून के कोलेस्ट्रॉल स्तर पर नहीं पड़ता।
शरीर कैसे संभालता है कोलेस्ट्रॉल
डॉक्टर बताते हैं कि शरीर में कोलेस्ट्रॉल का नियंत्रण मुख्य रूप से लिवर करता है। यदि आहार के जरिए ज्यादा कोलेस्ट्रॉल मिलता है, तो लिवर उसका उत्पादन कम कर देता है। अधिकांश स्वस्थ लोगों में अंडा खाने से लिपिड प्रोफाइल पर मामूली असर पड़ता है। कई मामलों में ‘गुड कोलेस्ट्रॉल’ (HDL) बढ़ता है, जबकि ‘बैड कोलेस्ट्रॉल’ (LDL) पर खास असर नहीं होता।
दिल की बीमारियों के असली कारण
विशेषज्ञों के अनुसार, आज के समय में दिल की बीमारियों का खतरा बढ़ाने वाले बड़े कारण कुछ और हैं—
रिफाइंड कार्बोहाइड्रेट और मीठे पेय
ट्रांस फैट और अल्ट्रा-प्रोसेस्ड फूड
शारीरिक गतिविधि की कमी
पेट की चर्बी और मोटापा
धूम्रपान और नींद की कमी
इन कारणों का असर अंडे की जर्दी की तुलना में कहीं ज्यादा होता है।
जर्दी में छिपे पोषक तत्व
अंडे की जर्दी पोषण से भरपूर होती है। इसमें Choline, विटामिन A, D, E और K जैसे जरूरी तत्व पाए जाते हैं। साथ ही इसमें ल्यूटिन और ज़ेक्सैंथिन होते हैं, जो आंखों की सेहत के लिए फायदेमंद हैं। जर्दी हटाने से शरीर इन महत्वपूर्ण पोषक तत्वों से वंचित हो सकता है।
किन लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए
हालांकि हर व्यक्ति पर डाइटरी कोलेस्ट्रॉल का असर अलग होता है। जिन लोगों को डायबिटीज, हाई LDL या पारिवारिक हाइपरकोलेस्ट्रोलेमिया की समस्या है, उन्हें डॉक्टर की सलाह के अनुसार ही अंडे का सेवन करना चाहिए।
कैसे खाएं अंडा ज्यादा फायदेमंद रहेगा
उबला हुआ, पोच या हल्का पका अंडा बेहतर विकल्प है
डीप फ्राई या ज्यादा मक्खन के साथ खाने से बचें
प्रोसेस्ड मीट के साथ अंडा खाने से नुकसान बढ़ सकता है
Disclaimer: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के लिए है. इस तरह की किसी भी जानकारी पर अमल करने से पहले डॉक्टर या किसी विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें
