जनता दर्शन में जिलाधिकारी ने आयुष्मान कार्ड व आवास किया आवंटित, पीड़ित परिवारों को मिली बड़ी राहत

रामपुर।कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम कई जरूरतमंद परिवारों के लिए उम्मीद की नई किरण बनकर सामने आया। जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए न केवल फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना, बल्कि स्वास्थ्य और आवास जैसी मूलभूत जरूरतों से जूझ रहे परिवारों को मौके पर ही राहत प्रदान की।

जनता दर्शन के दौरान सदर तहसील के शिव विहार कॉलोनी निवासी राजेश अपनी वृद्ध माता मुन्नी देवी के साथ जिलाधिकारी के समक्ष पहुंचे। राजेश ने अपने पुत्र रघुवीर यादव की गंभीर हृदय बीमारी और आर्थिक तंगी की जानकारी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल राजेश, उनकी माता मुन्नी देवी और रघुवीर के इलाज के लिए आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराए। इससे अब रघुवीर का उपचार निःशुल्क और बेहतर चिकित्सा संस्थानों में संभव हो सकेगा। साथ ही परिवार की आवासीय समस्या को ध्यान में रखते हुए काशीराम आवास भी आवंटित किया गया, जिससे उनके सिर से छत की चिंता दूर हो गई।

इसी क्रम में सदर तहसील के ग्राम पंजाबनगर निवासी राकेश और उनकी पुत्री रितिका को भी बड़ी राहत मिली। रितिका काफी समय से उपचार को लेकर परेशान थी और पूर्व में भी जनता दर्शन में अपनी समस्या रख चुकी थी। जिलाधिकारी ने प्रकरण का संज्ञान लेते हुए उन्हें भी आयुष्मान कार्ड प्रदान कराया, ताकि शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का सीधा लाभ उन्हें मिल सके।

जनता दर्शन कार्यक्रम में स्वास्थ्य, आवास, राशन कार्ड और चकबंदी से जुड़े अनेक जनहित के मामले सामने आए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का समाधान केवल फाइलों तक सीमित न रहे, बल्कि उसका असर धरातल पर दिखाई देना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायत का निस्तारण तभी पूर्ण माना जाएगा, जब शिकायतकर्ता पूरी तरह संतुष्ट हो।

जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा है कि अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहे। जनता दर्शन में आने वाला हर फरियादी समाधान के साथ मुस्कुराते हुए वापस लौटे, यही प्रशासन का उद्देश्य है।

 

khabre junction 

Leave A Reply

Your email address will not be published.