रामपुर में भाजपा की प्रेस वार्ता के दौरान अचानक बिजली गुल, भीषण गर्मी में नेता और पत्रकार हुए परेशान, एसडीओ और जेई फोन नहीं उठा पाए

रामपुर। थाना सिविल लाइन के सामने स्थित जिला सहकारी बैंक सभागार में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी की प्रेस वार्ता के दौरान अचानक बिजली गुल हो गई। इस प्रेस वार्ता में उत्तर प्रदेश सरकार में पूर्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अशोक कटारिया और क्षेत्रीय महामंत्री हरीश ठाकुर मौजूद थे। बाहर से आए इन वरिष्ठ नेताओं के साथ जिले भर से पत्रकार भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए थे।

प्रेस वार्ता चल ही रही थी कि अचानक पूरे हॉल की बिजली चली गई। हाल में अंधेरा छा गया और भीषण गर्मी के चलते नेता और पत्रकार सभी पसीने-पसीने हो गए। गर्मी का आलम यह था कि नेताओं के कपड़े तक भीग गए।

सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि जब पत्रकारों ने तत्काल बिजली विभाग के एसडीओ और जेई को कॉल किया तो किसी ने फोन नहीं उठाया। इसी बीच सभागार का जनरेटर भी चालू नहीं हुआ, जिससे अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में जनरेटर मैकेनिक को बुलाया गया लेकिन तब तक नेताओं को अपना कार्यक्रम रोकना पड़ा।

प्रेस वार्ता करीब 15 से 20 मिनट तक बिना बिजली के जारी रही। गर्मी के कारण माहौल असहज हो गया। इस दौरान जब पत्रकारों ने जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष मोहनलाल सैनी से सवाल पूछा कि बिजली क्यों गई, तो उन्होंने जवाब देने से इनकार करते हुए कहा कि इस संबंध में मौजूदा भाजपा जिला अध्यक्ष से बात की जाए।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति के निर्देश दिए हैं, लेकिन रामपुर में बिजली विभाग की लापरवाही लगातार उजागर हो रही है। आम जनता की तरह अब वीआईपी कार्यक्रम भी बिजली कटौती की भेंट चढ़ते नजर आ रहे हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.