अमृतसर। पंजाब सरकार के नशा विरोधी अभियान के तहत अमृतसर जिला प्रशासन ने सोमवार को ग्वाल मंडी इलाके में एक बड़ी कार्रवाई की। कुख्यात नशा तस्कर मनदीप सिंह उर्फ काली की अवैध रूप से अर्जित संपत्ति को नगर निगम टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में गिरा दिया।
पुलिस कमिश्नर ने जानकारी दी कि मनदीप सिंह लंबे समय से नशा तस्करी में सक्रिय रहा है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत सात से अधिक मामले दर्ज हैं। इनमें नशीले पदार्थों की तस्करी, आपराधिक साज़िश और जानलेवा हमले जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। अब तक पुलिस ने उससे जुड़े मामलों में 200 किलो हेरोइन बरामद की है।
आरोपी के खिलाफ पहला मामला 19 जनवरी 2015 को दर्ज किया गया था। पुलिस का कहना है कि मनदीप कई बार गिरफ्तार हो चुका है, लेकिन जमानत पर छूटकर वह फिर से नशे के धंधे में सक्रिय हो जाता था। वर्तमान में वह फरार है और पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि नशे से पंजाब के युवाओं का भविष्य बर्बाद करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि नशे के पैसों से खरीदी गई कोई भी संपत्ति सुरक्षित नहीं रहेगी और उसे प्रशासन द्वारा जब्त या ध्वस्त कर दिया जाएगा।
अधिकारियों ने आम लोगों से अपील की है कि वे नशा तस्करों की जानकारी पुलिस के साथ गुप्त रूप से साझा करें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह सुरक्षित रखी जाएगी। इस कार्रवाई से नशा तस्करों में खौफ फैलने और समाज में निवारक असर पैदा होने की उम्मीद है।
