अमृतसर के गुमटाला इलाके में नशा तस्कर का घर ढहाया गया, पुलिस कमिश्नर ने दिया सख्त संदेश
ड्रग मनी से बनी अवैध इमारत पर कार्रवाईरमनदीप राजा के खिलाफ 2018 से लेकर अब तक कई एफआईआर दर्ज2026 के पहले तीन महीनों में 526 केस, 899 तस्कर गिरफ्तार
अमृतसर के गुमटाला इलाके में पुलिस और नगर निगम द्वारा नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कथित ड्रग तस्कर का घर गिरा दिया गया। यह कार्रवाई नगर निगम की टीम ने की, जबकि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस का भारी बंदोबस्त किया गया था। इस मौके पर मीडिया से बातचीत करते हुए पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि यह कार्रवाई ड्रग तस्करी के खिलाफ चल रही जीरो टॉलरेंस नीति के तहत की गई है।
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि जिस व्यक्ति का घर गिराया गया है उसकी पहचान रमनदीप राजा के रूप में हुई है। उसके खिलाफ 2018 से अब तक कुल छह एफआईआर दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि यह व्यक्ति कई बार नशा तस्करी के मामलों में गिरफ्तार हो चुका है और इसे एक आदतन ड्रग पेडलर माना जाता है। नगर निगम द्वारा उसके घर को अवैध घोषित किया गया था, जिसके बाद उसकी डिमोलिशन की गई।
उन्होंने आगे जानकारी देते हुए बताया कि अमृतसर में ड्रग माफिया के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत 1 जनवरी 2026 से अब तक 526 मामले दर्ज किए गए हैं और 899 ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान करीब 34 किलोग्राम हेरोइन सहित अन्य नशीले पदार्थ भी बरामद किए गए हैं। इसके अलावा पुलिस ने 18 लाख 56 हजार 460 रुपये की ड्रग मनी भी जब्त की है और 19 वाहनों को कब्जे में लिया है, जिनमें 7 चार पहिया और 12 दो पहिया वाहन शामिल हैं।
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि शहर के विभिन्न इलाकों में ड्रग हॉटस्पॉट की पहचान कर वहां विशेष निगरानी रखी जा रही है। गुमटाला क्षेत्र पहले हॉटस्पॉट रहा है, लेकिन सख्त कार्रवाई के चलते हालात में काफी सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि अब तक कमिश्नरेट अमृतसर में 23 डिमोलिशन की कार्रवाई की जा चुकी है।
उन्होंने युवाओं और अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि नशा एक ऐसा अपराध है जो न केवल व्यक्ति बल्कि पूरे परिवार और समाज को बर्बाद कर देता है। युवाओं को मेहनत की कमाई पर ध्यान देना चाहिए और गलत रास्ते से दूर रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई समाज को स्पष्ट संदेश देने के लिए है कि ड्रग मनी से बनी अवैध संपत्ति का अंत इसी तरह होता है।
