डॉ. मयंक गुप्ता ने संभाला सिरसा के पुलिस अधीक्षक का पदभार, कानून व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता

सिरसा पहुंचे नवनियुक्त एसपी डॉ. मयंक गुप्ता

  • रिपोर्ट: एम.पी. भार्गव

ऐलनाबाद: जिला सिरसा के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. मयंक गुप्ता ने आज अपना पदभार ग्रहण कर लिया। वर्ष 2019 बैच के आईपीएस अधिकारी डॉ. गुप्ता इससे पूर्व रेवाड़ी जिले में एसपी और गुरुग्राम में डीसीपी के पद पर सेवाएं दे चुके हैं। उनके अनुभव और कार्यशैली से जिले की पुलिस व्यवस्था को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

कानून व्यवस्था होगी सर्वोच्च प्राथमिकता
पदभार ग्रहण करते हुए एसपी डॉ. मयंक गुप्ता ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता जिले की कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि वे जल्द ही जिले के पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून व्यवस्था की समीक्षा करेंगे।

पीड़ितों को मिलेगा त्वरित न्याय
डॉ. मयंक गुप्ता ने स्पष्ट किया कि पीड़ित व्यक्तियों की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाएगा और उन्हें शीघ्र न्याय दिलाया जाएगा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि थानों में आने वाले लोगों से नम्रता और संवेदनशीलता से पेश आएं, जिससे पुलिस के प्रति आमजन का भरोसा और मजबूत हो।

महिलाओं की सुरक्षा होगी मुख्य फोकस
नवपदस्थ एसपी ने यह भी कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और उन्हें स्वच्छ, सुरक्षित वातावरण प्रदान करना उनकी प्रमुख प्राथमिकता होगी। इसके लिए जिले में विशेष अभियान चलाए जाएंगे।

नशा और अपराध पर होगी सख्त कार्रवाई
डॉ. गुप्ता ने कहा कि समाज में फैल रही अपराध और नशे की प्रवृत्ति को हर हाल में रोका जाएगा। इसके लिए आमजन के सहयोग से समय-समय पर बैठकें आयोजित की जाएंगी और अपराध में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

स्वागत समारोह में वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
पदभार ग्रहण के अवसर पर एएसपी उत्तम पहल, डीएसपी आदर्शदीप सिंह और डीएसपी संजीव बल्हारा सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने नवनियुक्त एसपी को फूलों का गुलदस्ता भेंट कर उनका हार्दिक स्वागत किया।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.