डॉ. बी.आर. अम्बेडकर युवा ट्रस्ट तलवाड़ा खुर्द द्वारा तीसरा ग्रामीण प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित

ऐलनाबाद , 19 अप्रैल( एमपी भार्गव) बाबा साहेब डा. भीमराव अम्बेडकर की 134वीं जयंती पर बाबा साहेब डॉ. बी.आर. अम्बेडकर युवा ट्रस्ट तलवाड़ा खुर्द द्वारा गांव की ठाकुरों वाली धर्मशाला में तीसरा ग्रामीण प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें ग्रामीण स्तर पर राजकीय सेवा में कार्यरत सभी विभागीय कर्मचारियों को विभिन्न सम्मान देकर सम्मानित किया गया। भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हुए सैनिकों को नेता जी सुभाष चंद्र बोस सैनिक सम्मान-पत्र, राजकीय विद्यालय में कार्यरत सफाई कर्मचारियों को महात्मा ज्योतिबा राव फुले सेवा सम्मान-पत्र, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता/सहायिका को मदर टेरेसा सेवा सम्मान-पत्र, स्वास्थ्य एवं कल्याण केन्द्र से सी.एच.ओ/एम.पी.एच.डबल्यू./आशा वर्कर को बाबा साहेब डॉ. बी.आर. अंबेडकर सम्मान-पत्र, ग्रामीण जल सेवकों को महात्मा बुद्ध सम्मान-पत्र, ग्रामीण बिजली सेवकों को बाबा साहेब डॉ. बी.आर. अंबेडकर सम्मान-पत्र, शिक्षण-प्रशिक्षण कर रही बेटियों को फातिमा शेख शिक्षिका सम्मान-पत्र, ग्रामीण डाक सेवक को बाबा साहेब डॉ. बी.आर. अंबेडकर सम्मान-पत्र, राजकीय विद्यालय में मिड-डे-मील सहायिकाओं को मदर टेरेसा सम्मान-पत्र, ग्रामीण सफाई कर्मचारियों को बाबा साहेब डॉ. बी.आर. अंबेडकर सम्मान-पत्र, राजकीय सेवा में नव-नियुक्त महिलाओं को सावित्री बाई फुले सम्मान-पत्र, राजकीय सेवा में नव-नियुक्त पुरुषों को बाबा साहेब डॉ. बी.आर. अंबेडकर सम्मान-पत्र, सत्र 2023-24 में 12वीं व 10वीं कक्षा में मैरिट रहे प्रतिभावान छात्रों को डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम सम्मान-पत्र, सत्र 2023-24 में 12वीं व 10वीं कक्षा में मैरिट रही प्रतिभावान छात्राओं को कल्पना चावला सम्मान-पत्र, सत्र 2024-25 में जवाहर नवोदय विद्यालय में चयनित हुए छात्र- छात्राओं को स्मृति चिन्ह, पर्यावरण संरक्षण सहायक को बाबा साहेब डॉ. बी.आर. अंबेडकर सम्मान-पत्र, वॉलंटियर महिलाओं को झलकारी बाई सम्मान-पत्र, वॉलंटियर पुरुषों को स्वामी विवेकानंद सम्मान-पत्र, गणमान्य को महात्मा बुद्ध शांति सम्मान-पत्र व अन्य आए हुए लोगों को अभिनंदन पत्र से सम्मानित किया गया। इसी के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुति के माध्यम से बच्चों ने बाबा साहेब की जीवन शैली को लघु नाटिका के रूप में दिखाकर समस्त ग्रामीणों को प्रेरित किया व बाबा साहेब डॉ. बी आर. अम्बेडकर के आदर्शों पर चलने का अच्छा संदेश दिया। जयंती समारोह में मुख्य अतिथि बतौर परम श्रेदय श्री रोशन लाल सोलंकी, विशिष्ट अतिथि हरनेक सिंह, मीडिया प्रभारी स्टेनोग्राफर पवन कुमार व सहयोगी इंद्रपाल सहित ट्रस्ट के सभी सदस्यों व समस्त ग्रामवासियों ने जयंती समारोह को सफल बनाने के लिए अपनी अहम भूमिका निभाई।

Leave A Reply

Your email address will not be published.