जनजातीय सामाजिक सेवा समिति द्वारा आदिवासी समाज के मुद्दों पर काम के लिए सम्मानित किए गए डॉ. अतुल मलिकराम
भोपाल/लखनऊ। इंदौर के ऐतिहासिक गांधी हॉल में जनजातीय सामाजिक सेवा समिति द्वारा आयोजित एक सम्मान समारोह में राजनीतिक रणनीतिकार डॉ. अतुल मलिकराम को आदिवासी समाज के उत्थान एवं कल्याण से जुड़े उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित रहे।
आयोजन समिति के अनुसार, डॉ. मलिकराम लंबे समय से आदिवासी एवं पिछड़ा वर्ग समाज की सामाजिक, शैक्षणिक और राजनीतिक भागीदारी को सशक्त बनाने के प्रयासों में सक्रिय रहे हैं। शिक्षा के प्रसार, सामाजिक जागरूकता और नीतिगत संवाद के माध्यम से उन्होंने समुदायों की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। इसी योगदान को ध्यान में रखते हुए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
सम्मान समारोह के दौरान डॉ. मलिकराम ने बिरसा मुंडा को नमन करते हुए आयोजक मंडल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान जिम्मेदारियों को और बढ़ा देते हैं। उनके अनुसार आदिवासी समाज सदैव जल, जंगल और जमीन के साथ अपनी संस्कृति का संरक्षक रहा है और आज आवश्यकता है कि संवेदनशील एवं प्रतिबद्ध लोग उनके साथ खड़े हों। उन्होंने यह भी कहा कि वे आगे भी आदिवासी समाज के हित में हर संभव प्रयास करने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने आदिवासी समाज के सामाजिक सशक्तिकरण, शिक्षा के विस्तार और समान अवसरों की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज के समग्र विकास के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं तथा जमीनी स्तर पर कार्य कर रहे लोगों को प्रोत्साहन और पहचान मिलनी चाहिए। आयोजकों के अनुसार, इस प्रकार के सम्मान कार्यक्रम सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को रेखांकित करने और उन्हें सार्वजनिक मान्यता देने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
khabre junction
