रामपुर। राष्ट्रीय लोक दल के जिला कार्यालय, रामपुर में चल रहे सदस्यता अभियान के अंतर्गत आज दर्जनों लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष शाहिद हुसैन ने सभी नव-सदस्यों का पार्टी में स्वागत किया और उन्हें रालोद की विचारधारा, नीतियों तथा जनकल्याण के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता से अवगत कराया।
शाहिद हुसैन ने जानकारी दी कि यह सदस्यता अभियान 14 अप्रैल 2025, यानी अंबेडकर जयंती से राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्र सरकार में मंत्री जयंत चौधरी के निर्देश पर प्रारंभ किया गया था, जो कि पूरे प्रदेश में सक्रिय रूप से संचालित किया जा रहा है। रामपुर जनपद में इस अभियान को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं।
आज सदस्यता लेने वालों में वरिष्ठ सियासी नेता प्रभात कुमार भारद्वाज, प्रेमपाल, जगदीश सागर, विनोद कुमार यादव, आज़ाद, सुंदर सैनी, तारा चंद, कैलाश बाबू सहित कई सम्मानित नागरिक शामिल रहे।
इस मौके पर नगर अध्यक्ष नवाब ख़ान, डॉ. अक़ील, मोहम्मद अहमद समेत कई प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान ज़िला अध्यक्ष ने यह भी स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय लोक दल वर्तमान में राज्य सरकार का एक महत्वपूर्ण घटक दल है और जनपद की जनसमस्याओं को लेकर पार्टी प्रतिनिधिमंडल शीघ्र ही जिलाधिकारी से भेंट कर उन्हें अवगत कराएगा।
इस आयोजन ने रालोद के बढ़ते जनाधार और संगठनात्मक मजबूती का परिचायक प्रस्तुत किया।
