डबल इंजन सरकार किसानों के भविष्य को सशक्त करने हेतु सतत प्रयासरत- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने औरैया में ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान-2025’ को किया सम्बोधित

लखनऊ/औरैया: 08 जून को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद औरैया में आयोजित विकसित कृषि संकल्प अभियान-2025 कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए डबल इंजन सरकार निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने किसानों से संवाद करते हुए लैब टू लैंड की अवधारणा के तहत बीज से बाजार तक की प्रक्रिया में किसानों के हित को सर्वोपरि बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अब किसान दो नहीं, तीसरी फसल मक्का का उत्पादन कर लाभ कमा रहे हैं। सरकार शीघ्र ही मक्का क्रय केंद्रों की स्थापना कर एमएसपी की घोषणा करेगी। उन्होंने किसानों को बीज किट, प्रमाण पत्र व लाभार्थी चेक वितरित किए और ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान में पौधरोपण भी किया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि औरैया विकास के पथ पर अग्रसर है। यहां ₹250 करोड़ की लागत से लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर मेडिकल कॉलेज बन चुका है। ₹272 करोड़ की लागत से रिजर्व पुलिस लाइन, ₹151 करोड़ से यमुना नदी पर पुल निर्माण, ₹24 करोड़ की लागत से मुख्यमंत्री मॉडल स्कूल, और ₹250 करोड़ से जिला न्यायालय भवन निर्माण कार्य प्रगति पर है।

उन्होंने यह भी बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस में 60,000 कार्मिकों की भर्ती पूरी हो चुकी है और 15 जून को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। अब तक पुलिस बल में कुल 2.16 लाख भर्तियां हो चुकी हैं।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की चर्चा करते हुए बताया कि देशभर में 12 करोड़ से अधिक किसान इसका लाभ ले रहे हैं, जिनमें से उत्तर प्रदेश के 2.86 करोड़ किसानों को अब तक ₹85,000 करोड़ की डीबीटी राशि प्राप्त हुई है। 2017 में 86 लाख किसानों का कर्ज माफ कर प्रदेश में सिंचाई सुविधा को भी विस्तार दिया गया।

सीएम योगी ने मक्का को किसानों की “कैश क्रॉप” बताते हुए कहा कि एक किसान प्रति एकड़ ₹1 लाख तक की आमदनी कर रहा है। मक्का से बायोफ्यूल और बायोप्लास्टिक का निर्माण भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को समय पर बीज, तकनीक और बाजार तक पहुंच सुनिश्चित कर प्रदेश को विकसित कृषि क्षेत्र की ओर ले जा रही है।

कार्यक्रम में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह ओलख सहित कई अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने अंत में आह्वान किया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक ताकत के रूप में खुद को स्थापित किया है, और यह सभी के साझा प्रयास से ही संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि “डबल इंजन सरकार न सिर्फ सुरक्षा देती है, बल्कि सुशासन और लोककल्याण से भी जोड़ती है।”

Leave A Reply

Your email address will not be published.