अक्सर लोग सीने में जलन और खट्टी डकारों को गैस या सामान्य एसिडिटी समझकर अनदेखा कर देते हैं। भागदौड़ भरी जिंदगी, अनियमित खान-पान और जंक फूड के बढ़ते सेवन के बीच यह समस्या आम मानी जाती है। लेकिन स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि यदि सीने में जलन बार-बार हो रही हो और लंबे समय तक बनी रहे, तो यह केवल पाचन की गड़बड़ी नहीं, बल्कि पेट से जुड़ी किसी गंभीर बीमारी, जैसे पेट के कैंसर का शुरुआती अलार्म भी हो सकती है।
कैसे होता है पेट का कैंसर
चिकित्सा विज्ञान के अनुसार पेट का कैंसर तब विकसित होता है, जब पेट की आंतरिक परत की कोशिकाओं के डीएनए में असामान्य बदलाव आने लगते हैं। इसके कारण कोशिकाएं अनियंत्रित रूप से बढ़ने लगती हैं और धीरे-धीरे ट्यूमर का रूप ले लेती हैं। समय के साथ ये कैंसर कोशिकाएं पेट की स्वस्थ कोशिकाओं को नुकसान पहुंचाकर अन्य अंगों तक भी फैल सकती हैं।
युवा वर्ग भी आ रहा चपेट में
हालांकि पेट का कैंसर अधिकतर 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों में देखा जाता है, लेकिन बदलती जीवनशैली, तनाव, धूम्रपान, शराब और फास्ट फूड के बढ़ते चलन के कारण अब युवा वर्ग भी इसकी चपेट में आने लगा है। यही वजह है कि शुरुआती लक्षणों को पहचानना बेहद जरूरी हो गया है।
पेट के कैंसर के शुरुआती लक्षण
पेट का कैंसर शुरुआत में बहुत हल्के संकेत देता है, जिन्हें अक्सर लोग नजरअंदाज कर देते हैं। इनमें प्रमुख हैं—
लगातार सीने में जलन और अपच
बार-बार मतली और उल्टी
भोजन के बाद पेट में सूजन या ब्लोटिंग
मल में खून आना या काला, टार जैसा मल
बिना कारण तेजी से वजन कम होना और भूख न लगना
विशेषज्ञों के अनुसार यदि दवाइयों के बावजूद सीने की जलन ठीक न हो, तो यह एक चेतावनी संकेत हो सकता है।
कैसे करें बचाव
स्वास्थ्य विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि यदि ऊपर बताए गए लक्षण दो सप्ताह से अधिक समय तक बने रहें, तो तुरंत गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट से संपर्क करें और आवश्यक जांच जैसे एंडोस्कोपी कराएं। शुरुआती अवस्था में पहचान होने पर पेट के कैंसर का इलाज संभव है।
साथ ही संतुलित आहार लें, फाइबर युक्त भोजन शामिल करें, धूम्रपान-शराब से दूरी बनाए रखें और स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं।
सीने की जलन को हल्के में लेना भारी पड़ सकता है, इसलिए शरीर के संकेतों को समझें और समय रहते सही कदम उठाएं।
Disclaimer: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के लिए है. इस तरह की किसी भी जानकारी पर अमल करने से पहले डॉक्टर या किसी विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें
