करो योग, रहो निरोग : योग मन, शरीर और आत्मा को नियंत्रित करने की एक अद्भुत विधि : प्राचार्य डॉ. सज्जन कुमार
"जीवन में योग का महत्व" विषय पर विशेष आयोजन; राजकीय महाविद्यालय मीठी सुरेरा में योग दिवस पर कार्यक्रम आयोजित
- रिपोर्ट: एमपी भार्गव
ऐलनाबाद: राजकीय महाविद्यालय मीठी सुरेरा, ऐलनाबाद में योग दिवस के उपलक्ष्य में “जीवन में योग का महत्व” विषय पर योग गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सज्जन कुमार ने की, जबकि संयोजन योगा इंचार्ज डॉ. साधा सिंह एवं एनएसएस प्रभारी प्रो. राजवीर सिंह द्वारा किया गया।
योग के लाभों पर प्राचार्य का विस्तृत व्याख्यान
अपने व्याख्यान में डॉ. सज्जन कुमार ने बताया कि योग भारत की प्राचीन धरोहर है, जो मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी है। उन्होंने कहा कि योग तनाव और चिंता को कम करता है, मन को शांति देता है और आत्मा को संतुलन प्रदान करता है। दुनिया के करीब दो अरब लोग योग का अभ्यास करते हैं, जिससे इसकी वैश्विक स्वीकार्यता सिद्ध होती है।
पौधारोपण व पर्यावरण रैली का आयोजन
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय प्रांगण में आंवला, तुलसी जैसे औषधीय पौधों का पौधारोपण भी किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण सुरक्षा का संकल्प लिया गया। इसके पश्चात पर्यावरण बचाओ रैली का आयोजन किया गया, जिसे प्राचार्य ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
छात्रों व स्टाफ ने बढ़-चढ़कर लिया भाग
इस अवसर पर शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक स्टाफ के साथ-साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भी भाग लिया और योग व पर्यावरण सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रो. राजवीर सिंह ने भी महत्वपूर्ण विचार प्रस्तुत किए।
इस आयोजन के माध्यम से योग के महत्व को न केवल बताया गया बल्कि व्यवहार में उतारने की प्रेरणा भी दी गई। साथ ही, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता अभियान भी सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
