समृद्धि यात्रा की तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा,कजरा पावर प्लांट परिसर का किया निरीक्षण

डीएम मिथिलेश मिश्र के निर्देशन में कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड, सुरक्षा, यातायात व अन्य व्यवस्थाओं की हुई समीक्षा

लखीसराय(सरफराज आलम)मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रस्तावित समृद्धि यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र के निर्देशन में सूर्यगढ़ा प्रखंड अंतर्गत कजरा पावर प्लांट परिसर का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान कार्यक्रम स्थल, सभा स्थल, हेलीपैड, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधा तथा आपातकालीन सेवाओं की तैयारियों की बारीकी से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित तरीके से सुनिश्चित की जाएं, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इस दौरान विभिन्न विभागों को निर्देश दिया गया कि सरकार की प्रमुख विकास योजनाओं और उपलब्धियों को आकर्षक एवं प्रभावी तरीके से प्रदर्शित किया जाए। विभागों द्वारा लगाए जाने वाले स्टॉल, प्रदर्शनी सामग्री और योजनाओं से संबंधित सूचना पट्टों की तैयारी की भी समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही स्वास्थ्य विभाग को एंबुलेंस और मेडिकल टीम की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों को भी सतर्क रहने का निर्देश दिया गया।

उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। जिला प्रशासन द्वारा तैयारियों की लगातार निगरानी की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर समीक्षा बैठक कर प्रगति का आकलन किया जाएगा।निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता नीरज कुमार, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शंभूनाथ, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार, स्थापना उप समाहर्ता शशि कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.