14 नवंबर को विधानसभा चुनाव के मतगणना को लेकर डीएम मिथिलेश मिश्र ने मतगणना केंद्रों का किया औचक निरीक्षण
लखीसराय(सरफराज आलम)जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र द्वारा आगामी 14 नवंबर को राजकीय पॉलिटेक्निक, लखीसराय स्थित मतगणना केंद्र पर आयोजित होने वाली मतगणना की तैयारियों का निरीक्षण किया गया।
इस अवसर पर उन्होंने मतगणना केंद्र पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, मीडिया कर्मियों एवं अभ्यर्थियों के प्रतिनिधियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधों तथा अन्य आवश्यक संसाधनों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि मतगणना के दिन किसी भी प्रकार की असुविधा या अव्यवस्था न हो। उन्होंने कहा कि मतगणना कार्य पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं शांति के साथ सम्पन्न हो, यह जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।के
मीडिया के सुचारू संचालन हेतु विशेष व्यवस्था की गई है। जिला पदाधिकारी ने बताया कि हर राउंड की समाप्ति के बाद मीडिया को औपचारिक रूप से अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि मतगणना प्रक्रिया की सटीक जानकारी आम जनता तक पहुंच सके।
इसके अतिरिक्त, मीडिया प्रतिनिधियों के लिए एक विशेष मीडिया कक्ष तैयार किया जा रहा है, जहां आवश्यक सुविधा जैसे बैठने की व्यवस्था, पेयजल, टीवी इत्यादि की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
सुरक्षा के दृष्टिकोण से जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि मतगणना केंद्र से 100 मीटर की परिधि के भीतर किसी भी वाहन या असंबंधित व्यक्ति का प्रवेश वर्जित रहेगा। केंद्र के चारों ओर पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की जाएगी ताकि मतगणना प्रक्रिया निर्विघ्न रूप से सम्पन्न हो सके।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता नीरज कुमार,उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, 167 सूर्यगढ़ा विधानसभा क्षेत्र सह भूमि सुधार उप समाहर्ता राहुल कुमार,168 लखीसराय विधानसभा क्षेत्र सह अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी पम्मी रानी,वरीय कोषागार पदाधिकारी रमेश कुमार सुमन, निदेशक जिला ग्रामीण विकास अभिकरण श्री नीरज कुमार,स्थापना उप समाहर्ता शशि कुमार, नोडल पदाधिकारी मीडिया कोषांग रवि कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
