डीएम ने किया एसआईआर अभियान का औचक निरीक्षण, अनुपस्थित सफाईकर्मी और सचिव पर गिरी गाज

  • रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव

सोनभद्र।जिलाधिकारी बी.एन. सिंह ने सोमवार को विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की जमीनी हकीकत जानने के लिए पूरे दिन क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विकास खंड चतरा के प्राथमिक विद्यालय तियरा कला, बरइल और लसड़ा का दौरा कर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक नामावलियों से संबंधित प्रचलित कार्यों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान बरइल प्राथमिक विद्यालय में तैनात सफाईकर्मी अनुपस्थित पाया गया। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए मौके पर ही सफाईकर्मी के निलंबन के निर्देश जारी कर दिए। इसके साथ ही बरइल गांव के ग्राम सचिव की उदासीन कार्यशैली पर असंतोष जाहिर करते हुए उनके खिलाफ स्पष्टीकरण नोटिस जारी करने का आदेश दिया।
डीएम ने साफ कहा कि एसआईआर पुनरीक्षण अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए निर्देशित किया कि सभी निर्धारित कार्यों को समयबद्ध, पारदर्शी और सतर्कता के साथ पूरा किया जाए।
जिलाधिकारी का यह औचक निरीक्षण प्रशासनिक कार्यप्रणाली में सक्रियता लाने और पुनरीक्षण अभियान को प्रभावी बनाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.