लखीसराय(सरफराज आलम)भारत की आगामी जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना से संबंधित जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन सोमवार को लखीसराय में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी-सह-प्रधान जनगणना अधिकारी मिथिलेश मिश्र ने की।
प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलित कर की गई। इस कार्यक्रम का उद्देश्य जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत होने वाले मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के कार्य को प्रभावी, पारदर्शी और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक जानकारी एवं तकनीकी प्रशिक्षण देना था। कार्यक्रम के दौरान जनगणना कार्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने कहा कि जनगणना देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक और सांख्यिकीय प्रक्रिया है, जिसके आधार पर सरकार विभिन्न योजनाओं और नीतियों का निर्माण करती है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त जानकारी को गंभीरता से आत्मसात करें और आगामी जनगणना कार्य को पूरी जिम्मेदारी तथा पारदर्शिता के साथ संपन्न कराएं।
प्रशिक्षण सत्र में अधिकारियों को मकान सूचीकरण, मकानों की गणना, आवश्यक प्रपत्रों के उपयोग, डेटा संकलन की प्रक्रिया तथा डिजिटल माध्यमों के उपयोग से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही प्रशिक्षण के दौरान CMMS पोर्टल, HLBC वेब एप्लिकेशन तथा अन्य डिजिटल टूल्स के माध्यम से जनगणना कार्यों के संचालन की भी व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई।प्रशिक्षक राधेश्याम ने बताया कि इस बार जनगणना प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म का व्यापक उपयोग किया जाएगा। इसके लिए सभी कर्मियों को हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि वे तकनीकी प्रणाली को आसानी से समझ सकें और क्षेत्र में कार्य करते समय किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता-सह-जिला जनगणना पदाधिकारी नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, जिला योजना पदाधिकारी आशुतोष कुमार,जिला सांख्यिकी पदाधिकारी राम विनोद प्रसाद यादव, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री यदुवंश राम सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी/चार्ज अधिकारी और अन्य शासकीय सेवक उपस्थित रहे।
