एससी/एसटी अत्याचार मामलों की जांच में तेजी लाने के निर्देश, पीड़ितों को समय पर सहायता सुनिश्चित करने पर जोर

ऐलनाबाद, 20 मार्च (एम.पी. भार्गव): उपमंडल अधिकारी (एसडीएम) राजेंद्र कुमार ने शुक्रवार को अपने कार्यालय में विजिलेंस एवं मॉनिटरिंग कमेटी की बैठक आयोजित कर अनुसूचित जाति/जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 के तहत दर्ज मामलों की समीक्षा की।

बैठक में एक दिसंबर से 28 फरवरी तक दर्ज मामलों की समीक्षा करते हुए एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मामलों की जांच में तेजी लाई जाए, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय और आर्थिक सहायता मिल सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी मामले की पुलिस जांच लंबित नहीं रहनी चाहिए और निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी प्रकरणों का निपटारा किया जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकार द्वारा अनुसूचित जाति वर्ग के लिए चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक किया जाए, ताकि पात्र व्यक्ति इन योजनाओं का अधिकतम लाभ उठा सकें और आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें।

एसडीएम ने डायल 112 हेल्पलाइन के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या दुर्व्यवहार की स्थिति में आमजन तुरंत इस सेवा का उपयोग करें। उन्होंने कहा कि अत्याचार के मामलों में पीड़ित परिवारों को शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है, जिससे उन्हें मानसिक और आर्थिक संबल मिल सके।

बैठक में उप पुलिस अधीक्षक राज सिंह, तहसील कल्याण अधिकारी श्रवण कुमार, तहसीलदार सिरसा प्रदीप कुमार, उपमंडल अधिकारी (पंचायती राज) दलबीर सिंह सहित गैर सरकारी सदस्य कृष्णा देवी और जुगनू राम भी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.