मुंबई। निर्देशक आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए कमाई के नए कीर्तिमान स्थापित कर दिए हैं। रिलीज के कुछ ही दिनों में फिल्म ने करीब 700 करोड़ रुपये का आंकड़ा छूने की ओर तेजी से कदम बढ़ा दिए हैं, जिससे ट्रेड विशेषज्ञ भी हैरान हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म ने पेड प्रीव्यू से ही शानदार शुरुआत की और पहले ही दिन 100 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर ली। Sacnilk के आंकड़ों के अनुसार, फिल्म अब तक देशभर में करीब 454.12 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर चुकी है, जबकि वर्ल्डवाइड कलेक्शन लगभग 691 करोड़ रुपये के आसपास पहुंच गया है।
फिल्म ने अपनी कमाई से कई बड़ी फिल्मों के रिकॉर्ड भी तोड़ दिए हैं। ‘धुरंधर 2’ ने ‘बाहुबली 2’ के एक दिन के कलेक्शन को पीछे छोड़ते हुए 114.85 करोड़ रुपये की कमाई की, जो एक नया रिकॉर्ड माना जा रहा है। इसके अलावा इसने ‘गदर 2’, ‘जवान’, ‘पठान’ और ‘एनिमल’ जैसी सुपरहिट फिल्मों को भी पीछे छोड़ दिया है।
सिर्फ तीन दिनों में ही फिल्म ने भारत में 339 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली थी, जो अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। देश ही नहीं, विदेशों में भी फिल्म का शानदार प्रदर्शन जारी है और हॉलीवुड फिल्मों को भी कड़ी टक्कर दे रही है।
फिल्म की सफलता के पीछे इसकी दमदार एक्शन, भावनात्मक कहानी, मजबूत स्टारकास्ट और आक्रामक मार्केटिंग रणनीति को अहम कारण माना जा रहा है।
अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि ‘धुरंधर 2’ आने वाले दिनों में कौन से नए रिकॉर्ड बनाती है, लेकिन फिलहाल यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अपना दबदबा बनाए हुए है।
