Ellenabad, 8 मार्च (एम.पी. भार्गव)। खंड ऐलनाबाद के Dholpalia Village गांव ने भाईचारे और सामाजिक एकता की अनोखी मिसाल पेश करते हुए एक बहन के सम्मान में 2 लाख 81 हजार रुपये का सामूहिक भात भरकर पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना दिया।
जानकारी के अनुसार संतोष पुत्री विद्या देवी, पत्नी स्वर्गीय कालूराम, जिनकी शादी Chhapawali Village में कई वर्ष पहले हुई थी, जीवन में कई दुखों का सामना कर चुकी हैं। कुछ वर्ष पूर्व एक सड़क दुर्घटना में उनके इकलौते भाई जयचंद का निधन हो गया था और पिता भी अब इस दुनिया में नहीं हैं। घर में केवल उनकी बुजुर्ग मां श्रीमती विद्या देवी ही रहती हैं और गरीबी में जीवन बिता रही हैं।
समय के साथ जब संतोष की बेटी की शादी का समय आया तो परंपरा के अनुसार वह भात नूतने अपने मायके गांव धोलपालिया पहुंचीं। लेकिन शायद उन्हें भी अंदाजा नहीं था कि इस बार उनका मायका सिर्फ उनका घर नहीं बल्कि पूरा गांव बनने वाला है।
गांव में चर्चा उठी कि “यह हमारी भी बहन है, इसका मायरा पूरा गांव भरेगा।” इसके बाद पूरे गांव के लोग एकजुट हो गए और सहयोग शुरू हो गया। देखते ही देखते सूट-कपड़ों और अन्य उपहारों का अंबार लग गया। हर किसी के मन में बस एक ही भावना थी कि अपनी बहन का मान-सम्मान बनाए रखना है।
आज धोलपालिया गांव से 50 से अधिक ग्रामीण और महिलाएं सामूहिक रूप से भात भरने के लिए छापावाली, राजस्थान पहुंचे और करीब 2 लाख 81 हजार रुपये का भात भरा। यह आयोजन केवल एक रस्म नहीं बल्कि इंसानियत, भाईचारे और समाज की असली ताकत का जीवंत उदाहरण बन गया।
जिस बहन का आज कोई सगा भाई नहीं था, उसके साथ जरूरत के समय सैकड़ों भाई खड़े नजर आए। यह मिसाल समाज को नई दिशा देती है और बताती है कि रिश्ते केवल खून से नहीं बल्कि दिल से भी बनते हैं।
संतोष के ससुराल गांव छापावाली में भी इस आयोजन की खूब चर्चा रही। वहां के ग्रामीणों ने धोलपालिया से आए सभी लोगों का गर्मजोशी से स्वागत किया और उनकी सोच व भाईचारे की भावना की सराहना की। इस अवसर पर धोलपालिया गांव के अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।
