रामपुर। राष्ट्रीय अतिपिछड़ा महासंघ ने सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया और एसपी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने “मिलक पुलिस हाय-हाय” और “मुर्दाबाद” के नारे लगाए।
प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर दयाल के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि थाना मिलक पुलिस ने फर्जी मुकदमा दर्ज किया है। मांग की गई कि मुकदमा अपराध संख्या 0007/2025 धारा 281, 125B, 1061 बीएनएस की पुनः विवेचना किसी अन्य थाने से कराई जाए और मामले को निरस्त किया जाए।
ज्ञापन में कहा गया कि पूर्व विवेचक दरोगा रामाशीष ने बिना उचित जांच-पड़ताल और साक्ष्यों के चार्जशीट लगा दी। वहीं, वर्तमान विवेचक क्राइम ब्रांच इंस्पेक्टर अमृतलाल पर आरोप है कि उन्होंने धर्मपाल मौर्य को डरा-धमकाकर अपनी मर्जी से बयान लिखवाए और गवाहों को भी धमका रहे हैं।
पीड़ित पक्ष ने पुलिस प्रशासन से न्याय दिलाने और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
