- रिपोर्ट- शिवेंदु श्रीवास्तव
सोनभद्र (कोन)। विकास खंड कोन अंतर्गत ग्राम पंचायत कुड़वा के टोला पांडूचट्टान में मंगलवार को पानी की समस्या को लेकर ग्रामीणों और प्राथमिक विद्यालय पांडूचट्टान के बच्चों ने जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन दूसरी बार किया गया, जिसमें लोगों ने तत्काल हैंडपंप मरम्मत और नए हैंडपंप की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र में लगा हैंडपंप पिछले छह महीनों से खराब है। इसके कारण बच्चों को भोजन के बाद करीब 300 मीटर दूर सड़क पर पानी लेने जाना पड़ता है, जो उनकी सुरक्षा के लिए खतरा है। विद्यालय के आसपास लगे अन्य दो हैंडपंप भी मरम्मत के अभाव में ठीक से काम नहीं कर रहे हैं और लंबे समय तक चलाने के बाद ही पानी देते हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हैंडपंप मरम्मत के नाम पर हर साल लाखों रुपए की निकासी की जाती है, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई सुधार नहीं है। इसी तरह जल जीवन मिशन की हर घर नल योजना भी धरातल पर पूरी तरह विफल साबित हो रही है। कई इलाकों में आज तक नल कनेक्शन पूरे नहीं हुए हैं, जबकि कार्यदायी संस्था द्वारा इसे पूर्ण दिखा दिया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि पानी सप्लाई कभी इंटेक वाल, पंप या बिजली की समस्या बताकर टाल दी जाती है। स्थानीय निवासी सीता चेरो और राजेंद्र मिश्रा ने बताया कि कई बार ग्राम प्रधान और सचिव को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ। पत्रकारों द्वारा पूर्व में भी सचिव संजय यादव से पूछा गया था, लेकिन केवल आश्वासन ही मिला।
ग्राम में पहुंचे एडीओ पंचायत सुनील पाल ने सचिव को तत्काल हैंडपंप मरम्मत कराने का निर्देश दिया। प्रदर्शनकारियों ने विभाग का ध्यान आकर्षित कराते हुए जल्द से जल्द समस्या का समाधान करने की मांग की।
