पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाई कोर्ट बेंच की मांग तेज, रामपुर में अधिवक्ताओं की मीटिंग

रामपुर। हाई कोर्ट बेंच स्थापना केंद्रीय संघर्ष समिति मेरठ के आह्वान पर रामपुर बार एसोसिएशन के नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 22 जिलों से आए बार एसोसिएशन के अध्यक्ष, महासचिव और वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने हिस्सा लिया।

बैठक में अधिवक्ताओं ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाई कोर्ट बेंच की स्थापना की पुरजोर मांग उठाई। वक्ताओं ने कहा कि इलाहाबाद हाई कोर्ट से दूरी के कारण पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों को न्याय के लिए भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसलिए मेरठ या अन्य उपयुक्त स्थान पर हाई कोर्ट की बेंच स्थापित किया जाना अत्यंत आवश्यक है।

बैठक में यह भी तय किया गया कि इस मांग को लेकर शीघ्र ही इलाहाबाद हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश और भारत सरकार के प्रधानमंत्री से प्रतिनिधिमंडल मुलाकात कर बेंच स्थापना का आग्रह करेगा। यदि मांग पूरी नहीं होती है तो संसद का घेराव करने का भी प्रस्ताव पारित किया गया।

रामपुर बार एसोसिएशन के सभागार में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता संजय शर्मा (अध्यक्ष, मेरठ बार) व महासचिव राजेंद्र कुमार राणा ने की। रामपुर बार एसोसिएशन की ओर से अध्यक्ष सतनाम सिंह मट्टू एडवोकेट, कोषाध्यक्ष मोहम्मद रिजवान, महासचिव ठाकुर कौशलेंद्र सिंह, उपाध्यक्ष जाहिद अली, पूर्व अध्यक्ष ठाकुर पृथ्विभान सिंह, श्याम लाल, करणैल सिंह, जमुना प्रसाद लोधी, सुरेश कुमार लोधी, नीलकमल लोधी, शंकर लाल लोधी, विनोद कुमार, देवेंद्र कुमार, जाहिद खान समेत अनेक अधिवक्ता मौजूद रहे।

वहीं अन्य जिलों से आए प्रतिनिधियों में नोएडा से अध्यक्ष परमेंद्र भाटी, मुरादाबाद से अध्यक्ष आनंद मोहन गुप्ता, बुलंदशहर से सुमन राघव, अमरोहा से अध्यक्ष सलीम अहमद खान प्रमुख रूप से शामिल हुए।

अधिवक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि यदि अब भी सरकार इस मुद्दे पर ठोस कदम नहीं उठाती है तो आंदोलन और अधिक उग्र होगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.