घरों के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइनों को अंडरग्राउंड करने की उठी मांग, टपूकड़ा वासियों ने मुख्यमंत्री सहित जनप्रतिनिधियों को सौंपा मांग पत्र
टपूकड़ा (अलवर)। कस्बे के नागरिकों ने घरों के ऊपर से गुजरने वाली खतरनाक रूप से झुकी बिजली लाइनों को अंडरग्राउंड करवाने की पुरजोर मांग उठाई है। इस संबंध में एक मांग पत्र प्रदेश के मुख्यमंत्री, अलवर सांसद, जिला कलेक्टर एवं क्षेत्रीय विधायक के नाम टपूकड़ा तहसीलदार शैतान सिंह को सौंपा गया।
ग्रामीणों ने बताया कि कस्बे की कई कॉलोनियों में बिजली की हाई वोल्टेज तारें बेहद निचाई से घरों की छतों के ऊपर से गुजर रही हैं। इन तारों से अब तक कई जानलेवा हादसे हो चुके हैं, जिनमें कुछ लोगों की जान भी जा चुकी है और कई घायल हो चुके हैं।
पीड़ित राजेश जांगिड़ का एक हाथ बिजली के करंट की चपेट में आकर झुलस चुका है। उनका कहना है कि अगर समय रहते इन तारों को भूमिगत नहीं किया गया, तो भविष्य में और भी गंभीर हादसे हो सकते हैं।
जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया गया कि इन खतरनाक लाइनों को शीघ्रता से अंडरग्राउंड किया जाए, ताकि आमजन सुरक्षित रूप से अपने घरों में रह सकें और हादसों को टाला जा सके।
इस अवसर पर अलवर उत्तर जिला उपाध्यक्ष दिनेश यादव, टपूकड़ा मंडल अध्यक्ष विजय यादव, एमपीएस नेहा गोयल, सौरभ मित्तल सहित अनेक कस्बावासी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में इस जनहित मुद्दे पर शीघ्र कार्यवाही की मांग की है।
