दिल्ली जल बोर्ड की सूचना: 21–22 जनवरी को पश्चिमी व उत्तर-पश्चिमी दिल्ली में जलापूर्ति रहेगी प्रभावित
नई दिल्ली।दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) ने नागरिकों से समझदारी से पानी का उपयोग करने और अनावश्यक खर्च से बचने की अपील की है। डीजेबी ने जानकारी दी है कि 21 और 22 जनवरी 2026 को शहर के पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी इलाकों में पानी की आपूर्ति प्रभावित रहेगी। यह व्यवधान अंडरग्राउंड रिजरवॉयर (UGR) और बूस्टर पंपिंग स्टेशनों की वार्षिक सफाई एवं फ्लशिंग कार्यक्रम के कारण होगा।
डीजेबी के अनुसार फ्लशिंग एक नियमित रखरखाव प्रक्रिया है, जिसके तहत जलाशयों और पंपिंग सिस्टम में जमा गंदगी, सेडिमेंट और अन्य अशुद्धियों को साफ किया जाता है। इससे पानी की गुणवत्ता बनी रहती है और उपभोक्ताओं को स्वच्छ व सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जा सके। बोर्ड ने स्पष्ट किया कि यह कार्य हर वर्ष किया जाता है, जिससे पानी में बैक्टीरिया व अन्य प्रदूषकों की संभावना कम होती है।
इस दौरान कई क्षेत्रों में पानी की सप्लाई या तो कम दबाव पर आएगी या पूरी तरह बंद रहेगी। डीजेबी ने प्रभावित इलाकों के निवासियों से खेद जताते हुए अपील की है कि वे पहले से पर्याप्त मात्रा में पानी संग्रहित कर लें। आवश्यकता पड़ने पर टैंकर की व्यवस्था के लिए बोर्ड की हेल्पलाइन से संपर्क किया जा सकता है।
21 जनवरी को प्रभावित क्षेत्र
21 जनवरी 2026 (बुधवार) को मुख्य रूप से प्रेम कुंज और आसपास के इलाकों में जलापूर्ति प्रभावित रहेगी। यह प्रभाव स्थानीय UGR और बूस्टर स्टेशनों की सफाई के कारण होगा।
22 जनवरी को प्रभावित क्षेत्र
22 जनवरी 2026 (गुरुवार) को पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के लगभग 28 क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति प्रभावित रहेगी। इनमें प्रमुख रूप से नांगलोई, रणहोला गांव, मोहन गार्डन व उत्तम नगर की कॉलोनियां, सैनिक एन्क्लेव, मुंडका, पश्चिम विहार (GH-12), हिरान कुडना, राजधानी पार्क, मित्रां गांव, जहांगीरपुरी के कुछ हिस्से, बदुसराय, छावला व आसपास के गांव, कमरुद्दीन नगर, निहाल विहार, बक्करवाला, नांगलोई JJC व कैंप्स, आर ब्लॉक ज्वालापुरी, फ्रेंड्स एन्क्लेव, कविता कॉलोनी, विकास नगर की कॉलोनियां, मटियाला क्षेत्र, हस्तसाल, दिचाओं कलां, झरोदा गांव, गोपाल नगर तथा उजवा और दौलतपुर UGR के कमांड क्षेत्र शामिल हैं।
डीजेबी ने बताया कि ये सभी क्षेत्र नांगलोई वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और उससे जुड़े वितरण तंत्र से संबंधित हैं। फ्लशिंग के दौरान जलापूर्ति या तो बंद रहेगी या बहुत कम प्रेशर पर उपलब्ध होगी।
दिल्ली जल बोर्ड ने बताया कि राजधानी में जलापूर्ति नेटवर्क करीब 15,000 किलोमीटर से अधिक पाइपलाइनों और 100 से ज्यादा UGR के माध्यम से संचालित होता है। नियमित सफाई से सिस्टम की दक्षता बनी रहती है और पानी की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप रहती है।
किसी भी समस्या या जानकारी के लिए उपभोक्ता डीजेबी की हेल्पलाइन 1916 या टोल-फ्री नंबर 1800-117-118 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा व्हाट्सएप नंबर 9650291021 या 8383068300 पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
khabre junction
