इंसानियत की मौत: गाजियाबाद में सौतेली मां ने 6 वर्षीय बच्ची की पीट-पीटकर हत्या की

  • रिपोर्ट: जीतेन्द्र कुमार

गाजियाबाद।गाजियाबाद से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां इंसानियत को शर्मसार करते हुए एक सौतेली मां ने 6 साल की मासूम बच्ची की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी। घटना सोमवार दोपहर की बताई जा रही है, जब महिला ने बच्ची को कमरे में बंद कर उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला ने करीब 20 मिनट तक बच्ची की लगातार पिटाई की। गंभीर चोटों के कारण बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मारपीट के दौरान बच्ची के हाथ-पैर भी टूट गए और उसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए।

मृत बच्ची की पहचान शिफा के रूप में हुई है। शिफा के पिता अकरम की पहली पत्नी की करीब चार साल पहले मौत हो चुकी थी। पहली पत्नी से शिफा उनकी इकलौती संतान थी। दो साल पहले अकरम ने निशा नाम की महिला से दूसरी शादी की थी। आरोपी महिला निशा, अपने पति अकरम के साथ डासना क्षेत्र में रहती थी। अकरम मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस हृदयविदारक घटना से इलाके में आक्रोश और शोक का माहौल है। लोग आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.